कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश सरकार को नूरपुर स्कूल बस हादसे से सबक लेने को कहा है। सुक्खू ने कहा, स्कूली बच्चों की सेफ्टी और सिक्योरिटी सुनिश्चित की जानी चाहिए। स्कूल बसाें में अनुभवी ड्राइवर के अलावा कंडक्टर और एक केयरटेकर की तैनाती को अनिवार्य करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने बच्चों की सेफ्टी के नियम बनाने को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर अहम निर्णय लिया है। इस कवायद में सिक्योरिटी के पहलू को भी नजरअंदाज न किया जाए। सुक्खू ने कहा, प्रदेश में बड़ी संख्या में निजी स्कूल हैं। लेकिन इन स्कूलों में बच्चों के लिए जरूरी सुरक्षा मानक कोई स्कूल पूरा नहीं कर रहा है।
सभी बस चालकों और कंडक्टरों का पुलिस सत्यापन होना चाहिए। ज्यादा बच्चों वाले स्कूलों को सरकार सुरक्षा गार्ड तैनात करने के निर्देश दे। बच्चों के साथ ही स्टाफ के भी पहचान पत्र बनाए जाने चाहिए।
वर्दी के साथ नेम प्लेट लगी होनी चाहिए। सुक्खू ने कहा कि सभी स्कूल बसों की समय-समय पर फिटनेस जांच होनी चाहिए। बसों में सीट अनुसार ही बच्चे बिठाने की व्यवस्था हो।
सुक्खू ने सरकार से मांग की है कि सरकार की नई नीति का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर कड़ी कार्रवाई हो। चेतावनी के बावजूद लापरवाही बरतने वाले स्कूलों की मान्यता रद्द होनी चाहिए।