हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक सोमवार को दो बजे राज्य सचिवालय में बुलाई गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में होने जा रही इस बैठक में कई अहम फैसले होंगे। इस बैठक में निजी बसों के किराये मेें बढ़ोतरी पर भी फैसला संभव है। इसके अलावा कई विभागों में नौकरियों का पिटारा खुल सकता है।
अस्थायी शिक्षकों के मानदेय में बढ़ोतरी के मामले पर भी कैबिनेट में निर्णय हो सकता है। हाल ही में निजी बस आपरेटरों ने किराया बढ़ाने के लिए राज्यव्यापी आंदोलन किया था। निजी बसों को चलाना बंद कर दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हस्तक्षेप करते हुए बस किराया बढ़ाने का आश्वासन दिया था।
ऐसे में निजी बस आपरेटरों की नजरें सोमवार को होने जा रही मंत्रिमंडल की बैठक में गड़ी हुई हैं। कैबिनेट की बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विभागों में रिक्तियों को भरने का मामला भी जा सकता है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने बजट भाषण मेें एसएमसी नीति के तहत लगे शिक्षकों का मानदेय 20 फीसदी बढ़ाने की बात की थी।
मानदेय बढ़ाने के मामले में वित्त विभाग से मंजूरी होने के बाद मामला कैबिनेट में जा सकता है। इस पर भी सोमवार को फैसला हो सकता है। कुछ सरकारी संस्थानों को स्तरोन्नत करने पर मंत्रिमंडल की बैठक में निर्णय संभव है।