भाषण खत्म होते ही बैरिकेड पर चढ़ गए कार्यकर्ता, हवा में उछाले डंडे
प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स को धक्का देकर विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास किया। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ भी गए, लेकिन सफल नहीं रहे। कार्यकर्ताओं ने पानी की बोतलें पुलिस पर फेंकीं। एक कार्यकर्ता ने झंडे वाला डंडा पुलिस पर फेंका। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर कार्यकर्ताओं को हटाया। पुलिस के साथ धक्कामुक्की भी हुई।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल मंच से कार्यकर्ताओं को बैरिकेड्स से चढ़ने से मना करते रहे, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने नहीं। कुछ कार्यकर्ता तो बैरिकेड्स के दूसरी तरफ निकलने की कोशिश में थे, लेकिन दूसरी तरफ पुलिस बल तैनात था। बिंदल मंच से लगातार कार्यकर्ताओं को शांति बनाए रखने की हिदायत देते हुए वापस आने को कहते रहे, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने और प्रदेश सरकार के खिलाफ बैरिकेड्स पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। माहौल तनावपूर्ण होते देखकर नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने खुद मोर्चा संभाला और मंच से उतरकर प्रदर्शनकारियों के पास पहुंच कर उन्हें बैरिकेड्स से नीचे उतारा। इसके बाद सभी कार्यकर्ता जयराम ठाकुर को कंधों पर उठाकर वापस मंच पर ले गए।
भ्रष्टाचार और माफियाराज के जाल में जकड़ी सरकार: जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह सरकार माफियाराज और भ्रष्टाचार के मकड़जाल में जकड़ गई है। प्रदेश में हर तरफ अराजकता और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। सरकार के संरक्षण में प्रदेश में माफियाराज फल-फूल रहा है। आज तक भ्रष्टाचार को सरकार से इस तरह से संरक्षण नहीं मिला है। आज जो हो रहा है वह न प्रदेश में पहले कभी हुआ है और न ही देवभूमि की संस्कृति के अनुरूप है। प्रदेश में वन माफिया लाखों पेड़ों काकटान कर रहा है और सरकार उस पर कार्रवाई करने के बजाय संरक्षण दे रही है। साथ ही सरकार में मित्रों का जो बोलबाला है, वह प्रदेश के हितों पर भारी पड़ रहा है। अब उसमें अफसरशाही भी शामिल हो गई है, जिसकी वजह से विमल नेगी जैसे ईमानदार, कर्मठ और सुलझे हुए अधिकारी आज हमारे बीच नहीं हैं। सुक्खू सरकार प्रदेश मित्र सरकार होने के बजाय मित्रमंडली हितैषी सरकार है। जो झूठ के भरोसे सत्ता में आई और झूठ और महा झूठ के भरोसे सत्ता में बनी रहना चाहती है। कहा कि सरकार के खिलाफ अब प्रदेश के लोगों ने हल्ला बोल दिया है। यह लड़ाई हम रुकने नहीं देंगे और सरकार के भ्रष्टाचार के पाई-पाई का हिसाब लेंगे।
कांग्रेस सरकार के जंगलराज में बहन-बेटियां असुरक्षित, गैंगवार और चिट्टा माफिया चरम पर: संजय टंडन
प्रदेश भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने शिमला के चौड़ा मैदान में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज हिमाचल में जंगलराज हावी हो चुका है, बहन-बेटियां असुरक्षित हैं, गैंगवार के कारण गोलियां चल रही हैं और चिट्टा माफिया युवाओं की जिंदगियां बर्बाद कर रहा है। संजय टंडन ने कहा कि कांग्रेस सरकार महिला विरोधी सरकार साबित हो चुकी है। देवभूमि की माताओं-बहनों से किए गए सभी वादे ठगे जा चुके हैं। सुक्खू सरकार में हिमाचल गैंगवार का केंद्र बन चुका है। अपराधी बेखौफ होकर दिनदहाड़े गोलियां चला रहे हैं। चिट्टा माफिया के कारण हिमाचल की युवा पीढ़ी बर्बादी के कगार पर पहुंच गई है।
यह सरकार ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं : श्रीकांत शर्मा
भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि ढाई साल में कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को अपराध, माफियाराज और कर्ज के दलदल में धकेल दिया है। जनता के बीच भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ आक्रोश चरम पर है और अब यह सरकार ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों को कांग्रेस सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में जंगलराज अपने चरम पर है। मंडी, बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और अन्य जिलों में गैंगवार और गोलीबारी आम बात हो गई है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि ईमानदार अधिकारियों को खुलेआम धमकायाजा रहा है। माफिया तंत्र ने प्रशासन और कानून को बंधक बना दिया है, लेकिन कांग्रेस सरकार इस पर मौन साधे बैठी है।