वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से हिमाचल की बेटी कंगना रनौत के खिलाफ हुए अन्याय के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई है। उन्होंने राज्यपाल को पत्र लिखकर मांग की है कि महाराष्ट्र सरकार ने यह कार्रवाई बदले की भावना से की है। उन्होंने हिमाचल की बेटी के सांविधानिक अधिकारों को कुचलने पर भी चिंता जताई है।
कहा है कि महाराष्ट्र सरकार को संविधान की मर्यादाओं का उल्लंघन करने से रोका जाए। कहा कि हिमाचल की बेटी के संबंध में एक शिवसेना सांसद ने सभ्यता और शालीनता की सारी सीमाएं तोड़कर शर्मनाक शब्दों का प्रयोग किया है। अब महाराष्ट्र सरकार ने कंगना के सभी सांविधानिक अधिकारों को कुचलकर उनके दफ्तर को तोड़ा है।
यह सारी कार्रवाई इतनी बर्बर है कि लोकतंत्र और सभ्य समाज में इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। उच्च न्यायालय ने भी सरकार को फटकार लगाई है। शांता ने लिखा है कहा कि हिमाचलवासी और कंगना का परिवार चिंता में हैं। भ्रष्टाचार तथा सिनेमा जगत में व्याप्त बुराइयों के संबंध में कंगना को अपने विचार प्रकट करने का संविधान पूरा अधिकार देता है।
प्रदेश युवा करणी सेना ने कहा कि मुंबई में शिवसेना ने हिमाचल की बेटी का अपमान किया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। युवा करणी सेना के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विशाल भारतीय और जिला कांगड़ा मीडिया प्रभारी रोहित सैनी ने कहा कि जब भी शिवसेना का कोई पदाधिकारी, कंगना का विरोध करने वाले नेता या अभिनेता गगल एयरपोर्ट पर आएगा तो उसे काले झंडे दिखाए जाएंगे। साथ ही गो बैक के नारे लगाए जाएंगे। उन्होंने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत को मुंबई एयरपोर्ट पर शिवसेना की ओर से काले झंडे दिखाने और कंगना का ऑफिस बीएमसी की ओर से तोड़े जाने का विरोध किया है।
सिने अभिनेत्री कंगना रनौत के मुंबई स्थित घर पर बीएमसी की तोड़फोड़ की कार्रवाई से नाराज जनता ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर अपनी भड़ास निकाली। गुरुवार को हिमाचल की बेटी हैशटैग दिनभर ट्विटर पर छाया रहा। हिमाचल से लेकर दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश तक के हजारों लोगों ने अपने ट्वीट कर महाराष्ट्र की उद्धव सरकार की इस कार्यशैली के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त की।
आधिकारिक तौर पर तो भाजपा अभी तक इससे दूर है, लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा के आईटी समन्वयक चेतन बरागटा, दिल्ली भाजपा के नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा, दिल्ली भाजपा के सोशल मीडिया प्रभारी पुनीत अग्रवाल ने भी इस हैशटैग के साथ ट्वीट कर कंगना को अपना खुला समर्थन दिया है। जानकारी के अनुसार हिमाचल की बेटी हैशटैग के साथ करीब 50 हजार से ज्यादा ट्वीट किए गए हैं।
बॉलीवुड में अपनी आवाज का जादू बिखेर चुकी हिमाचल की एक और बेटी शिल्पा जोशी भी बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना के समर्थन में सामने आई हैं। कुनिहार निवासी शिल्पा ने शिवसेना नेता संजय राउत के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिल्पा ने अभिनेत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिए शिवसेना सांसद संजय राउत से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि कंगना के लिए शिवसेना नेता ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है वह सभी महिलाओं का अपमान है। कंगना हिमाचल की बेटी और एक महिला होने से पहले राष्ट्र का गौरव है। उन्होंने कहा कि नारी को अपशब्द कहना अमानवीय व्यवहार है।