भाजपा प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय ने त्रिदेव सम्मेलन में बूथ पालकों, बूथ अध्यक्षों और बूथ एजेंटों को संबोधित करते हुए इन्हें अपनी जिम्मेदारी घर के मुखिया की तरह निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर जीत की योजना अनुसार कार्य करना है ताकि आगामी चुनावों में भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बन सके।
पांडेय ने प्रदेश प्रभारी के नाते आगामी चुनावों को ध्यान में रख कर प्रत्येक पन्ना प्रमुखों को ऐसे छह लोगों के नाम छांटने के निर्देश दिए जो कभी भी भाजपा को वोट नहीं डालते हैं। पन्ना प्रमुखों को पांच माह के भीतर ऐसे मतदाताओं की लिस्ट तैयार करने के लिए कहा गया।
इसके बाद पन्ना प्रमुख ऐसे मतदाताओं को मोदी की नीतियां बता कर भाजपा के पक्ष में प्रेरित करेंगे। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि बूथ एजेंट एक पार्टी का प्रतिनिधि भी होता है। उसे सरकार का ओर से तैनात बूथ लेवल ऑफिसर से बेहतर तालमेल बनाना चाहिए।
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि तालमेल किसी गलत काम के लिए नहीं बल्कि इसलिए कि पार्टी के लिए वैज्ञानिक और संवैधानिक तरीके से कार्य किया जा सके। भाजपा की चार्जशीट में उठाए मुद्दों को हर घर तक ले जाने और पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने हमीरपुर में भाजपा जिला पार्टी कार्यालय की अधारशिला भी रखी।
कांग्रेस सरकार को मार गया भ्रष्टाचार का लकवा: धूमल
सांसद अनुराग ठाकुर ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए हिमाचल को चार मेडिकल कॉलेज, 63 राष्ट्रीय राजमार्ग, सेंट्रल यूनिवर्सिटी सहित अनेकों ऐतिहासिक योजनाएं देने पर धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि रेल के मामले में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र ने मोदी के आशीर्वाद से ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनावों में 53 प्रतिशत वोट हासिल किए और चारों की चारों सीटें जीत कर भाजपा की झोली में डालीं। ये सब बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की ही मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बूथ स्तर के सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की नींव बताते हुए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह के नेतृत्व में आतंकवाद और नक्सलवाद की कमर टूटी है।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार को भ्रष्टाचार का लकवा मार गया है। उन्होंने मंच पर मौजूद स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से आग्रह किया कि वे स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दें, ताकि हमीरपुर में इसी वर्ष से मेडिकल कालेज की कक्षाएं शुरू हो सकें।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह से मांग करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, बीएसएफ समेत अन्य पैरा मिलिट्री फोर्स में भर्ती के लिए प्रदेश के युवाओं को बाहरी राज्यों में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए प्रदेश के भीतर ही भर्ती की सुविधा प्रदान की जाए, जिसे राजनाथ सिंह ने मंच पर ही मान लिया।