हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 62 प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया है। बुधवार की सुबह भाजपा ने लिस्ट जारी की। लिस्ट के अनुसार, एक मंत्री समेत 11 सिटिंग विधायकों का टिकट काटा गया है। जबकि दो मंत्रियों की सीट बदली गई है। एक मंत्री की टिकट काटकर बेटे को दी गई है। लिस्ट में पांच महिलाओं को भी जगह मिली है। सूची में अनुसूचित जाति के 11 उम्मीदवार और एसटी जाति के आठ उम्मीदवार हैं। वहीं, हरोली, कुल्लू, बड़सर, देहरा समेत छह सीटों पर पेंच फंसा है।
इन विधायकों का कटा टिकट
धर्मपुर से महेंद्र सिंह और चंबा से मौजूदा विधायक पवन नैयर को इस पार पार्टी से टिकट नहीं मिला है। इनके अलावा, मौजूदा विधायकों में धर्मशाला से विशाल नैहरिया, करसोग से हीरा लाल, ज्वाली से अर्जुन सिंह, भोरंज से कमलेश कुमारी, आनी से किशोरी लाल, सरकाघाट से कर्नल इंद्र सिंह और बिलासपुर से सुभाष ठाकुर पर भी पार्टी ने भरोसा नहीं जताया है। दरंग से जवाहर ठाकुर का टिकट कटा है। भरमौर से जिया लाल को भी टिकट नहीं मिला है।