37वीं नेशनल जूनियर अंडर-19 हैंडबॉल प्रतियोगिता के महिला वर्ग में हिमाचल की टीम ने हरियाणा को हराकर रजत पदक जीता है। राष्ट्रीय जूनियर अंडर-19 लड़कियों की हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन तमिलनाडू के कोय बटूर में किया गया।
इसमें हिमाचल की टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर रजत पदक हासिल किया है। नेशनल प्रतियोगिता प्रदेश टीम की खिलाड़ी बबीता को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। इसके अलावा दीक्षा को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के खिताब से नवाजा गया।
इस दौरान पांच खिलाड़ियों का चयन भारतीय प्रशिक्षण शिविर के लिए भी हुआ है। उधर, हिमाचल प्रदेश की टीम का रजत पदक विजेता बनने पर हैंडबॉल संघ में भी खुशी की लहर है।
हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ के पूर्व महासचिव, बिलासपुर हैंडबॉल संघ के महासचिव नंद किशोर शर्मा, प्रवीन दुबे, जिला सोलन हैंडबॉल संघ के महासचिव डीडी तनवर, जिला सिरमौर संघ प्रधान हीरा सिंह, महासचिव वीरेंद्र, मंडी हैंडबॉल संघ महासचिव अशोक भुट्टो ने विजेता टीम को बधाई दी है।
इन सभी ने सरकार से मांग की है कि जल्द ही इन खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाए ताकि प्रदेश के दूसरे खिलाड़ी में भी इससे प्रेरणा लें और प्रदेश का नाम रोशन करें।