हिमाचल भाजपा व कांग्रेस विद्यायक दल की बैठक।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन बुधवार को बेरोजगारी, खनन माफिया और बागवानों के ज्वलंत मुद्दों पर सदन खूब गरमाएगा। कांग्रेस विधायक दल ने प्रमुख मुद्दों पर जयराम सरकार को सदन में चौतरफा घेरने की रणनीति बनाई है। विपक्ष ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक सहित कई अन्य मामले उठाने की पूरी तैयारी कर ली है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में मंगलवार को होटल हॉलीडे होम में रात करीब पौने आठ बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित हुई। मानसून सत्र में प्रदेश में बढ़ रही बेरोजगारी के मुद्दे को विपक्ष जोरदार तरीके से गरमाकर रखेगा। प्रदेश में एक तरफ बढ़ती बेरोजगारी की समस्या से युवा परेशान हैं और दूसरी तरफ पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले होने से बेरोजगार मायूस हैं। पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में लीपापोती को लेकर भी सदन में सत्ता पक्ष को घेरा जाना है। विपक्ष किसानों और खासकर सेब बागवानों के मुद्दों को भी सदन में जोरदार तरीके से उठाकर सरकार पर हमला बोलेगा। कार्टन, खाद और दवाओं के मामले भी विपक्ष उठाने की तैयारी में है। इसके अलावा विपक्ष के सदस्य अपने क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों खासकर सड़कों की खस्ता हालत, शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य संस्थानों सहित अन्य विभागों में रिक्त पदों के मसले भी उठाएंगे।
भाजपा ने मानसून सत्र में विपक्ष के खिलाफ हमलावर रुख अपनाने की रणनीति बनाई
वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में शुक्रवार को भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में हुई इस बैठक में राज्य विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष के खिलाफ हमलावर रुख अपनाने की रणनीति बनी। इस मौके पर ज्यादातर भाजपा विधायकों ने कहा कि विधानसभा चुनाव के चलते विपक्षी कांग्रेस इस बार पहले से अधिक आक्रामक रुख में होगी। चर्चा यह हुई कि स्वाभाविक रूप से कांग्रेस विधायक दल पहले दिन ही सदन की कार्यवाही को बाधित करने का भी पूरा जोर डालेगा। ऐसे में विपक्ष को हावी नहीं होने दिया जाए। सीएम जयराम ठाकुर ने भाजपा विधायक दल की बैठक में सभी मंत्रियों को विधायकों की ओर से पूछे गए सवालों के जवाब ठीक से देने के निर्देश दिए, जिससे कि विपक्ष को हमलावर होने का मौका न मिले। इसके अलावा विधायकों को भी कहा कि वे भी सरकारी योजनाओं से संबंधित सवाल या अनुपूरक सवाल ही पूछें और उनसे संबंधित चर्चा करें, जिससे कि सदन से भी जनता तक इस संबंध में एक सकारात्मक संदेश जाए। विधायक दल की बैठक में भाजपा के अधिकतर विधायक शामिल हुए।