धर्मशाला में हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पिछले सत्र में सोलन के पूर्व विधायक रामानंद ठाकुर को भूलवश श्रद्धांजलि नहीं दी जा सकी। इस पर माकपा विधायक राकेश सिंघा ने मंगलवार को सदन में कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
सीएम ने भी खेद जताया और स्पीकर बिंदल ने कहा कि भविष्य में इस बात का ध्यान रखेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सदन मेें मंगलवार को सबसे पहले खुद ही इस विषय को सामने लाया।
उन्होंने कहा कि ये खेद का विषय है कि पिछले सत्र से कुछ अरसा पहले सोलन से पूर्व विधायक रहे रामानंद का देहांत हो गया था। उनका शोकोद्गार पिछले सत्र में त्रुटिवश नहीं आ पाया। एक अक्तूबर 2017 को उनका देहांत हो गया था।
माकपा विधायक राकेश सिंघा ने अफसोस जताया कि भविष्य में ऐसी बातें नहीं होनी चाहिए। वे इसके लिए किसी को जिम्मेवार भी नहीं ठहराते हैं। मगर वे कहेंगे कि हमेें उन सब लोगों के बारे में सजग रहना चाहिए, जिन्होंने अलग-अलग अवधि में सदन में प्रतिनिधित्व किया है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि ऐसा भविष्य में नहीं हो, इसे ध्यान में रखने की बात सदन में कही गई है। भविष्य में इसका ध्यान रखा जाएगा।