नए खुले और अपग्रेड हुए कार्यालय-शिक्षण संस्थानों की संख्या 923
हिमाचल प्रदेश में गत तीन वर्षों में 31 जनवरी 2023 तक नए खुले और अपग्रेड हुए कार्यालय-शिक्षण संस्थानों की संख्या 923 रही। इसमें 363 कार्यालय नए खोले गए और 65 को अपग्रेड किया गया। 121 शिक्षण संस्थान नए खोले गए और 374 को अपग्रेड किया गया। कांग्रेस विधायक संजय रत्न और मलेंद्र राजन के सवाल का लिखित जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि नए खोले या अपग्रेड किए गए कार्यालयों में 3,067 और शिक्षण संस्थानों में 3,344 स्वीकृत पद थे, इनमें 1,221 नियुक्तियां कार्यालयों और 1,847 नियुक्तियां शिक्षण संस्थानों में की गईं। कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में स्वीकृत पदों को भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में भरने की प्रक्रिया जारी है।
10 से ज्यादा विद्यार्थियों की संख्या वाले शिक्षकों में देंगे एनटीटी शिक्षक
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि प्रदेश के करीब 6,000 स्कूलों में प्री प्राइमरी कक्षाएं चल रही हैं। आने वाले दिनों में ऐसे स्कूलों में नर्सरी टीचर ट्रेनिंग करने वाले शिक्षकों को नियुक्त किया जाएगा जहां विद्यार्थियों की संख्या 10 से अधिक होगी। गगरेट से विधायक चैतन्य शर्मा ने प्री प्राइमरी स्कूलों में रिक्तियों को भरने का सवाल सदन में उठाया था।
953 जल विद्युत परियोजनाओं से सरकार को 1407 करोड़ का राजस्व
प्रदेश में कुल 953 जल विद्युत परियोजनाएं बीओओटी के आधार पर निजी और सरकारी और संयुक्त क्षेत्र में आवंटित की गई हैं। इन परियोजनाओं से सरकार को मुफ्त बिजली राॅयल्टी के माध्यम से मिलती है। वर्ष 2022-23 में मुफ्त बिजली रायल्टी के विक्रय से प्रदेश सरकार को कुल 1,407 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया के सवाल का लिखित जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर 2023 तक प्री कमिश्निंग लाडा में कुल 103.2466 करोड़ रुपये की राशि सरकार को प्राप्त हुई है। 58 निर्माणाधीन हैं। 28 परियोजनाओं का काम बंद है।