पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने सोमवार को बरठीं में कांग्रेस प्रत्याशी बीरू राम किशोर के पक्ष में वोट की की। लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र ने जनविरोधी फैसले लेकर जनता की कमर तोड़ दी है।
केंद्र सरकार जहां महंगाई को रोकने में नाकाम रही, वहीं नोटबंदी व जीएसटी की मार भी देश की जनता को झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करवाया है और अधूरे रहे कार्यों को पूरा करने के लिए एक बार फिर कांग्रेस की सरकार को बहुमत दें।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपनी हार मान ली है और हार को देखते हुए सभी केंद्रीय नेताओं को हिमाचल आना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 18 दिसंबर को भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. बीरू राम किशोर ने कहा कि दस वर्षों से क्षेत्र की जनता की सेवा में लीन रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश सरकार के सहयोग से क्षेत्र में तहसील, थाना, रोजगार कार्यालय, गेहड़वीं में आईटीआई और बरठीं में अस्पताल सहित अनेक कल्याणकारी योजनाओं सहित विकास के कार्य करवाए हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पर प्रहार करते हुए कहा कि जनता को नेता चाहिए न कि अफसर।
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कै. ओम प्रकाश चंदेल ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में विवेक कुमार, राकेश मेहता, पवन कौशल, राजकुमार कौशल, विजय कुमार, मानिंद्र सिंह और परमजीत धीमान सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित थे।