पिछली विधानसभा के सदस्य रहे 60 विधायक ऐसे हैं, जो 2017 में भी विभिन्न दलों के झंडे तले विधायक बनने की जीतोड़ कोशिश में जुटे हैं। लेकिन इन विधायकों की संपत्ति में पिछले पांच साल में औसतन 80 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
विज्ञापन
इस बार के चुनाव में सबसे ज्यादा संपत्ति वाले चौपाल के विधायक बलबीर सिंह वर्मा की संपत्ति में तो पिछले पांच साल में 120 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का नाम टॉप तीन देनदारी वाले प्रत्याशियों में शामिल हैं।
समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुराह विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे नंद कुमार के पास महज एक हजार रुपये की संपत्ति है। प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरने वाले 338 प्रत्याशियों के शपथपत्रों के अध्ययन के बाद यह बात सामने आई है।
विज्ञापन
चुनावी गतिविधियों पर नजर रखने वाली एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म (एडीआर) इलेक्शन वॉच संस्था ने प्रदेश में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के इसी तरह के आंकड़े पेश किए हैं। आंकड़ों के अनुसार इस बार के चुनाव में कुल प्रत्याशियों के 47 फीसदी यानी 158 करोड़पति हैं।
बाली सबसे ज्यादा रिटर्न भरने वाले प्रत्याशियों में टॉप पर
प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 4.07 करोड़ रुपये है। एडीआर के अनुसार 55 ऐसे उम्मीदवार हैं, जिनकी संपत्ति 5 करोड़ से ज्यादा है। 55 ऐसे भी हैं, जिनकी संपत्ति दो से पांच करोड़ के बीच है। 105 प्रत्याशी ऐसे हैं, जिनके पास 50 लाख से 2 करोड़ के बीच की संपत्ति है।
खास बात यह है कि करोड़पतियों की इस लंबी सूची में 71 ऐसे प्रत्याशी हैं, जिन्होंने अपनी आय ही घोषित नहीं की है। सबसे ज्यादा 59 करोड़पति प्रत्याशी कांग्रेस में हैं, जबकि भाजपा में 47 और 6 करोड़पति प्रत्याशी बसपा में हैं।
एडीआर के अनुसार कुल 338 में से 30 ऐसे उम्मीदवार हैं, जिन्होंने अपना पैन विवरण ही घोषित नहीं किया है। 101 ने अपना आयकर विवरण घोषित नहीं किया है।
सबसे ज्यादा आयकर रिटर्न भरने वालों की सूची में नगरोटा से चुनाव लड़ रहे जीएस बाली टॉप पर हैं। उन्होंने 2016-2017 में करीब 3.33 करोड़ की आय घोषित की। कांगड़ा से चुनाव लड़ रहे डॉ. राजेश शर्मा ने 1 करोड़ रिटर्न भरी।
ये हैं टॉप तीन करोड़पति उम्मीदवार
नाम विधानसभा क्षेत्र संपत्ति
बलबीर सिंह वर्मा चौपाल 90.73 करोड़
विक्रमादित्य सिंह शिमला ग्रामीण 84.32 करोड़
डॉ. राजेश शर्मा कांगड़ा 74.83 करोड़
टॉप तीन देनदारी वाले उम्मीदवार
नाम विधानसभा क्षेत्र देनदारी
बलबीर सिंह वर्मा चौपाल 26.73 करोड़
जीएस बाली नगरोटा 17.12 करोड़
वीरभद्र सिंह अर्की 6.25 करोड़
सबसे कम संपत्ति वाले उम्मीदवार
नाम विधानसभा क्षेत्र संपत्ति
नंद कुमार चुराह 1000 रुपये
चूडामणि द्रंग 3788 रुपये
सुंदरलाल सिराज 9000 रुपये
चुनाव लड़ रहे 338 प्रत्याशियों में से 36 फीसदी प्रत्याशियों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता 5वीं से 12वीं के बीच की दी है। 214 (63 फीसदी) ने खुद के स्नातक या उससे ज्यादा पढ़े होने की जानकारी दी है। चुनाव मैदान में उतरे सिर्फ एक उम्मीदवार अशिक्षित हैं।
चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में 46 फीसदी यानी 155 की उम्र 25 से 50 के बीच है, जबकि 179 की उम्र 51 से 80 के बीच है। सिर्फ एक उम्मीदवार है, जिसकी उम्र 80 के पार है। इसके अलावा इन चुनावों में सिर्फ 6 फीसदी महिला उम्मीदवार मैदान में हैं।
61 प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले, 31 पर गंभीर आरोप
आंकड़ों के अनुसार 61 प्रत्याशी ऐसे हैं, जिनपर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 31 ऐसे हैं, जिनपर गंभीर आपराधिक मामले हैं। सीपीएम के 71 फीसदी प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। भाजपा के 34 फीसदी और कांग्रेस के 9 प्रतिशत प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले हैं।