ऊना के इंदिरा मैदान से रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही रेल लाइन के लिए पटड़ी बिछाने का काम तेज किया जाएगा।
प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में उभारने के लिए यहां रेल विस्तार, हवाई सेवा और सड़कों के विस्तार की आवश्यकता है। यह तभी संभव होगा, जब प्रदेश और केंद्र में भाजपा की विकासोन्मुखी सरकार होगी।
मोदी ने कहा कि पिछले बीस साल में उन्होंने कई चुनाव करवाए, लेकिन यह पहला मौका है जब हार के डर से कांग्रेस का कोई बड़ा नेता हिमाचल नहीं आया। कांग्रेस के मैदान छोड़ देने से लड़ाई का मजा नहीं आ रहा।
उनके साथ मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर, प्रदेश भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, पंजाब भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन, सुरेश चंदेल, वीरेंद्र कंवर, प्रो. रामकुमार, बलवीर चौधरी, राजेश ठाकुर, ले. जनरल एचएस कंवर आदि मौजूद रहे।
कुल्लू में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पांच-पांच साल के लिए बदल-बदल कर सरकार बनाने का दुष्चक्कर तोड़ दें। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, सांसद रामस्वरूप शर्मा, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री राल लाल, भाजपा प्रत्याशी महेश्वर सिंह, डा राम लाल मार्कंडेय गोविंद ठाकुर, सुरेंद्र शौरी, किशोरी लाल, जिला अध्यक्ष भीम सेन, अमित सूद व अखिलेश कपूर मौजूद रहे।