चुनाव नतीजों से पहले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बेफिक्र दिखे। वीरभद्र ने आधे दिन लॉन पर धूप सेंकी और अपने समर्थकों से गपशप की। वीरभद्र सिंह सवेरे करीब 10 बजे के बाद ही अपने निजी निवास हॉली लाज के परिसर में आए। वहां उनके समर्थक पहले से ही इंतजार में बैठे थे।
बाहर लगी कुर्सियों पर बैठने के बाद सीएम वीरभद्र सिंह को उनके समर्थकों ने घेर लिया। ऊन का पट्टू पीठ पर ओढ़े वीरभद्र लोगों से चुनावी चर्चा करते रहे। वे दोपहर तक यहीं रहे। बोले कि चुनावी नतीजे भी वे अपने घर पर ही टीवी पर देखेंगे और सुनेंगे। कहीं मंदिर वगैरह भी गए या जाएंगे?
वीरभद्र इस पर घेरा डालकर बैठे लोगों की ओर इशारा करके बोले - यहीं समर्थकों के बीच ही मेरा मंदिर है और मैं यहीं रहूंगा। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में वीरभद्र ने विभिन्न चैनलों की ओर से एग्जिट पोल बढ़ा-चढ़ाकर दर्शाने की बात करने पर टिप्पणी की कि ये झूठे हैं। सोमवार को सच्चाई सामने आ जाएगी। तब तक सबको सब्र रखना चाहिए है।