हिमाचल प्रदेश में इस बार सेब सीजन कमजोर रहने से बागवानों की आर्थिक मुश्किलें बढ़ गई हैं। जून से सितंबर 2026 के बीच प्रदेश में फसली ऋण का बकाया 758 करोड़ रुपये बढ़ गया। शिमला जिला 3,608.74 करोड़ रुपये के फसली ऋण के साथ सबसे आगे है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
कमजोर सेब सीजन ने प्रदेश के बागवानों की आर्थिक मुश्किलें बढ़ा दी हैं। फसल से अपेक्षित कमाई नहीं होने के बीच किसानों पर फसली ऋण का बोझ भी बढ़ता जा रहा है। किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के तहत लिए फसली ऋण की अदायगी बागवानों के लिए चुनौती बन गई है।
विज्ञापन
प्रदेश में जून से सितंबर 2026 के बीच महज तीन महीने में फसली ऋण की बकाया राशि में 757.70 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। प्रदेशस्तरीय बैंकर्स समिति की 30 जून और 30 सितंबर 2026 की जिलावार रिपोर्ट के अनुसार फसली ऋण की कुल बकाया राशि 11,779.73 करोड़ से बढ़कर 12,537.42 करोड़ रुपये हो गई है। यानी इसमें करीब 6.43 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान फसली ऋण खातों की संख्या भी 6,31,825 से बढ़कर 6,35,514 हो गई। इस तरह तीन महीने में 3,689 नए खाते बढ़े हैं। जुलाई में शुरू हुआ सेब सीजन सितंबर के अंत तक काफी हद तक निपट चुका होता है।
फसली ऋण की राशि में बढ़ोतरी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। फसली ऋण की बकाया बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि इतनी ही रकम के ऋण की अदायगी प्रभावित हुई है। कितनी राशि अतिदेय है और कितने किसान ऋण नहीं चुका पाए हैं, इसकी तस्वीर बैंकों से अतिदेय ऋण और गैर निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) के अलग आंकड़े मिलने के बाद ही साफ होगी।
विज्ञापन
Trending Videos
शिमला जिले में 83.75 करोड़ ऋण बढ़ा
शिमला जिले में सबसे अधिक 3,608.74 करोड़ रुपये का फसली ऋण बकाया है। जून में यह राशि 3,524.99 करोड़ रुपये थी। तीन महीने में इसमें 83.75 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। कुल्लू में 1,257.33 करोड़, मंडी में 1,815.89 करोड़ और किन्नौर में 380.88 करोड़ रुपये का फसली ऋण बकाया है।
इस बार सेब सीजन कमजोर रहा है। हालांकि, इसका बैंकों में फसली ऋण की बकाया राशि पर कितना असर पड़ेगा, यह आने वाले समय में ही स्पष्ट हो सकेगा। -केके शर्मा, समन्वयक, राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति
सेब बागवानी आर्थिक संकट से जूझू रही है। यदि किसानों की कर्ज माफी संभव नहीं है तो कम से कम ब्याज माफ किया जाना चाहिए। ब्याज माफी भी नहीं हो तो कर्ज चुकाने से अस्थायी राहत दी जानी चाहिए। -मदन लाल वर्मा, बागवान, गुठाण गांव, शिमला
2000 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान
इस बार सेब सीजन से हिमाचल को करीब 1,500 से 2,000 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। 10 नवंबर तक राज्य से करीब 1.38 लाख पेटियां सेब ही बाजार तक पहुंच पाई हैं।