चतुर्थ श्रेणी कर्मी बनने के लिए बीए, एमए पास भी आवेदन कर रहे हैं। चतुर्थ श्रेणी पदों को लेकर चल रही आवेदन प्रक्रिया में बेरोजगारों की फौज उमड़ पड़ी है। अब तक विभाग के पास करीब चार सौ युवाओं ने आवेदन कर दिया है। आवेदन करने की अंतिम तिथि तीस मार्च है।
पशुपालन विभाग में चतुर्थ श्रेणी पद भरे जाने हैं। इसके लिए जमा दो कक्षा पास युवा आवेदन कर रहे हैं तो वहीं, विभाग के पास बीए और एमए पास युवा भी आवेदन करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। जिला पशुपालन विभाग में 14 पद भरे जाएंगे। इसके लिए अंतिम तिथि तीस मार्च निर्धारित की गई है। विभाग की ओर से आवेदन लिए जा रहे हैं। इन पदों को भरने के लिए विभिन्न मापदंड भी तय किए गए हैं।
आवेदकों को अपने आवेदन पत्र के साथ समस्त प्रमाण पत्रों की प्रतिलिपियां लगानी होगी। अगर कोई अभ्यर्थी प्रमाण पत्रों की फोटो कॉपी नहीं लगाता है तो उसके आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे।
जिला चंबा में बेरोजगार युवाओं का आंकड़ा पचास हजार पार कर गया है। पशुपालन विभाग चंबा के उपनिदेशक डॉ. रवि प्रकाश ने कि अब तक करीब चार सौ आवेदन पहुंच चुके हैं। आवेदनों की जांच भी की जा रही है। युवा तीस मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।