फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: भरमौर-पठानकोट एनएच समेत 74 सड़कें बंद, लाहौल की चोटियों पर गिरे फाहे

Sat, 25 Jul 2020 10:33 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
विज्ञापन
भरमौर-पठानकोट नेशनल हाइवे - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हिमाचल में येलो अलर्ट के बीच शनिवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में बादल बरसे। बारिश और भूस्खलन होने से भरमौर-पठानकोट नेशनल हाइवे सहित प्रदेश की 74 सड़कों पर यातायात बाधित रहा। मौसम में आए बदलाव से लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर फाहे भी गिरे। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने रविवार से 29 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश में भारी बारिश और अंधड़ की चेतावनी जारी की है। उधर, प्रदेश में जारी बारिश को मक्की और धान की फसल के लिए किसान लाभदायक मान रहे हैं। राजधानी शिमला में शनिवार सुबह से दोपहर तक बीच-बीच में बारिश होने का दौर जारी रहा। शाम पांच बजे के बाद शहर में मौसम साफ हुआ। कुल्लू जिले में भी दोपहर के समय बारिश हुई। जुलाई के अंतिम सप्ताह में भी ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरने का क्रम जारी रहने से लाहौल-स्पीति और कुल्लू में ठंड महसूस की जा रही है। घाटी में हो रही बारिश से सेब का साइज अच्छा बन रहा है। जिला कांगड़ा में शुक्रवार देर रात से लेकर शनिवार की सुबह तक जमकर बारिश हुई। बिलासपुर जिले में हुई बारिश ने ही प्रबंधों की पोल खोल कर रख दी है। घुमारवीं उपमंडल में शहर की अधिकतर निकासी नालियां बंद होने के कारण पानी सड़कों पर बहता हुआ दुकानों में घुस गया।

विज्ञापन


बारिश से झंडूता क्षेत्र में कई जगह सड़कों पर मिट्टी, पत्थर और पानी आने से यातायात बाधित हो गया। चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे केरू पहाड़ व ढुंडियारा बंगला के समीप भारी भूस्खलन होने के कारण सुबह के समय बाधित रहा। यहां एक निजी कार मलबे में फंस गई। एनएच प्रबंधन ने तीन घंटे बाद गाड़ी को मशीनरी की मदद से बाहर निकाला। जिले में भारी बारिश से करीब 50 मार्गों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गई। मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह भारी बारिश के कारण पांच सड़कें बाधित हुईं। लोक निर्माण विभाग के अनुसार कांगड़ा जोन में 50, शिमला में 9, हमीरपुर में 9, मंडी में 6 मुख्य सड़कें बंद रहीं। इसके अलावा कई संपर्क मार्गों पर भी यातायात प्रभावित रहा। उधर, शनिवार को सुंदरनगर में 15 और शिमला, मनाली व धर्मशाला में तीन-तीन मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 34.0, बिलासपुर में 31.5, मंडी-हमीरपुर में 31.2, चंबा में 30.6, कांगड़ा में 28.2, सुंदरनगर में 28.4, भुंतर में 29.4, नाहन में 28.8, सोलन में 28.0, धर्मशाला में 26.8, शिमला में 25.4, केलांग में 21.7 और कल्पा में 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें