हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव को लेकर तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के तहत नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश के 51 शहरी निकायों में अब 1,147 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। प्रदेश के चार नगर निगमों में भाजपा और कांग्रेस के कुल 16 बागी प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें भाजपा के 10 और कांग्रेस के 6 बागी शामिल हैं। इस प्रकार से बागियों ने कांग्रेस और भाजपा की चिंता बढ़ा दी है।
प्रदेश के शहरी निकायों में मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक ईवीएम के माध्यम से कराया जाएगा। राज्यभर में कुल 1,426 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें से 32 नामांकन पत्र जांच के दौरान खारिज कर दिए गए, जबकि 1,394 नामांकन वैध पाए गए। नामांकन वापसी के दौरान 237 प्रत्याशियों ने अपने पर्चे वापस ले लिए, जिसके बाद अब 1,147 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। प्रदेश के 10 वार्ड ऐसे रहे जहां मुकाबला नहीं होगा और प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए हैं। इनमें चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के कुछ वार्ड शामिल हैं। इससे कई क्षेत्रों में चुनावी सरगर्मी कम हो गई है, जबकि बाकी जगहों पर मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से समर्थन जुटाने में लगे हैं। स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ विकास कार्य, सफाई व्यवस्था और बुनियादी सुविधाएं इस चुनाव में मुख्य मुद्दे बने हुए हैं। कुल मिलाकर, हिमाचल के शहरी निकाय चुनाव इस बार कई जगहों पर कड़े मुकाबले के संकेत दे रहे हैं, जबकि कुछ वार्डों में निर्विरोध परिणाम भी सामने आए हैं। अब सभी की नजरें 17 मई को होने वाले मतदान और उसके नतीजों पर टिकी हैं।
जिलावार उम्मीदवारों की स्थिति
कांगड़ा में सबसे अधिक 218 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके बाद मंडी में 180, शिमला में 123, सोलन में 121 और ऊना में 118 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। बिलासपुर में 87, चंबा में 72, हमीरपुर में 44, सिरमौर में 84 और कुल्लू में 100 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
करसोग के वार्ड-7 में नामांकन ही नहीं
मंडी जिले की नगर पंचायत करसोग के वार्ड नंबर 7 में एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ। वहीं नगर निगम मंडी के वार्ड नंबर 14 में चार नामांकन दाखिल हुए, लेकिन सभी प्रत्याशियों ने अपने पर्चे वापस ले लिए। उधर, रोहड़ू नगर परिषद और नारकंडा नगर पंचायत में दूसरे दिन दोनों जगह पांच-पांच नामांकन प्राप्त हुए।
चार नगर निगमों में भाजपा के दस कांग्रेस के छह बागियों ने ठोकी ताल
प्रदेश के चार नगर निगमों में भाजपा और कांग्रेस के कुल 16 बागी प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें भाजपा के 10 और कांग्रेस के छह शामिल हैं। चार नगर निगम धर्मशाला, पालमपुर, सोलन और मंडी में पार्टी सिंबल पर चुनाव हो रहे हैं। सोलन नगर निगम में भाजपा और कांग्रेस के दो-दो, धर्मशाला में भाजपा के दो बागी चुनाव मैदान में हैं। मंडी नगर निगम में कुल 14 निर्दलीय प्रत्याशियों में से 6 भाजपा और 4 कांग्रेस के बागी हैं। नगर निगम सोलन में 42 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिसमें 17 कांग्रेस और 16 बीजेपी (भाजपा के एक प्रत्याशी का नामांकन रद्द) और 9 निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं। निर्दलीय में दो भाजपा और दो कांग्रेस के बागी हैं।
नगर निगम पालमपुर में 34 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें 15 बीजेपी और 15 कांग्रेस के हैं। 4 निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं। इसके साथ ही धर्मशाला नगर निगम में 54 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 17-17 भाजपा और कांग्रेस के हैं। 20 निर्दलीय में से दो भाजपा के बागी उम्मीदवार हैं। नगर निगम मंडी में भाजपा और कांग्रेस के 28 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वार्ड नंबर 14 में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी ने नामांकन वापस लिया है।