बाहरी राज्यों से अभी नहीं पहुंची है आलू की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी की ढली सब्जी मंडी में पहाड़ी आलू ने दस्तक दे दी है। शुरुआत में किसानों को 22 रुपये प्रति किलो तक दाम मिले। ढली सब्जी मंडी में बुधवार को उत्तराखंड और हिमाचल की सीमा पर स्थित तीउणी क्षेत्र से करीब 50 बोरी आलू की खेप पहुंची थी।
बीते वर्ष के मुकाबले किसानों को आलू के कम दाम मिले हैं। इससे से किसान थोड़े मायूस भी हैं। बीते साल आलू शुरुआती दौर में 25 से 30 रुपये प्रतिकिलो तक बिका था। इस वर्ष पहली फसल के 22 रुपये प्रतिकिलो दाम मिले हैं। आढ़तियों ने बताया कि अभी बाहरी राज्यों से आलू की मांग नहीं आ रही है। आलू की फसल लेकर मंडी पहुंचे किसान जितेंद्र, रमेश और चमन ने बताया कि जिस हिसाब से फसल को तैयार करने में मेहनत लगती है, उस हिसाब से दाम नहीं मिले हैं। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में दाम ज्यादा मिले। इसके अलावा मंडी में फ्रासबीन 70 और मटर 80 से 90 रुपये प्रतिकिलो तक बिके।
ढली मंडी में आने वाले दिनों में ठियोग, चियोग, रोहड़ू, करसोग, टुटू और मशोबरा से आलू की खेप पहुंचेगी। आढ़ती एसोसिएशन के सचिव बिट्टू वर्मा ने बताया कि ढली मंडी से आलू हरियाणा, पंजाब और दिल्ली तक भेजा जाता है लेकिन अभी वहां से मांग नहीं आ रही है। इस बार आलू की फसल अच्छी है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में अच्छे दाम मिलेंगे।