प्रदेश हाईकोर्ट ने बसपा नेता केदार सिंह जिंदान की हत्या से जुड़े मामले में सरकार को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर जवाब दायर करने के आदेश दिए हैं। जिंदान की 7 सितंबर को हुई हत्या की निष्पक्ष जांच करवाने के लिए हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने याचिका दायर की है।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय करोल और न्यायाधीश अजय मोहन गोयल की खंडपीठ ने 25 अक्तूबर तक जांच संबंधी स्टेटस रिपोर्ट दायर करने के आदेश भी दिए।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्यों ने 10 सितंबर को प्रस्ताव पारित कर इस हत्याकांड में हो रही जांच पर असंतोष जताते हुए याचिका दायर की है। याचिका में पुलिस जांच पर शंका जताते हुए किसी निष्पक्ष एजेंसी से जांच करवाने की मांग की गई है।
अंतरिम राहत के तौर पर पीड़ित परिवार व गवाहों को उचित सुरक्षा मुहैया करवाने की भी मांग की है। याचिका में उन सभी दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जिन्होंने समय रहते जिंदान को सुरक्षा मुहैया नहीं करवाई। मामले पर आगामी सुनवाई 25 अक्तूबर को होगी।