मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की थी। लेेकिन इस चेतावनी का प्रदेश में कहीं भी असर नहीं दिखा। अब रविवार से भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
राजधानी शिमला में शनिवार को दिन भर हल्की बूंदाबांदी होने का दौर जारी रहा। शहर में दिन भर धुंध छाई रही। जिला कांगड़ा में शनिवार सुबह मौसम साफ रहने के बाद करीब 12 बजे से लेकर 3 बजे तक जिला मुख्यालय में बारिश हुई।
चंबा जिला में शनिवार को उमस भरा दिन रहा। दोपहर के समय जिला में तेज धूप खिली। दोपहर बाद तीसा और चुवाड़ी में हल्की बूंदाबांदी हुई। जिला कुल्लू में शनिवार को मौसम साफ रहा।
शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 35.2, हमीरपुर में 33.5, मंडी में 33.3, बिलासपुर में 32.5, कांगड़ा में 32.1, सुंदरनगर-भुंतर में 32.0, चंबा में 31.8, नाहन में 30.4, पालमपुर में 28.0, धर्मशाला में 27.6, सोलन में 26.5, शिमला में 22.6 और डलहौजी में 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
शनिवार को शिमला में 20, कुफरी में 23, स्वारघाट में 17, ज्वाली में 19, भरवाईं में 9 और कुफरी में 4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि मानसून की सक्रियता को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट किया गया है।
जिला उपायुक्तों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। रास्ते बंद न हाें, सैलानियों और स्थानीय लोगों को परेशानियां पेश न आए इसको लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिन क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका है, वहां रास्ते खोलने के लिए टीमों को अलर्ट किया गया है।