प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में वीरवार और शुक्रवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
बुधवार को शिमला में अधिकतम तापमान 24.0, ऊना में 34.0, धर्मशाला में 28.6, नाहन में 28.7, सोलन में 28.2, मनाली में 22.6, कांगड़ा में 30.0, सुंदरनगर में 31.6, भुंतर में 33.0, कल्पा में 23.6, हमीरपुर में 28.7, बिलासपुर में 28.9 और मंडी में 30.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
बुधवार को राजधानी शिमला में हल्की बूंदाबांदी के बाद दिन के समय धूप भी खिली। उधर, जनपद सिरमौर में बुधवार को मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। भारी बारिश के चलते नाहन-कुमारहट्टी वाया सराहां, बनेठी नेशनल हाईवे बंद हो गया।
दोपहर पौने एक बजे के करीब दोसड़का के समीप पहाड़ी दरकने से सड़क पर भारी मलबा आने से यातायात ठप है। इस वजह से एनएच के साथ-साथ धारटीधार, सैनधार व गिरिपार की सैकड़ों पंचायतों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया।
एनएच व नाहन-जमटा मार्ग बंद होने से सैकड़ों वाहन दोसड़का के समीप फंसे रहे। इसके अलावा जिला के लगभग आधा दर्जन संपर्क मार्ग भी भारी बारिश के कारण बंद हो गए। इससे एनएच प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।