हिमाचल के अधिकतर इलाकों में भारी बारिश का कहर जारी है। शुक्रवार देर शाम प्रदेश के तकरीबन सभी इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई है। शिमला में भी शाम करीब चार बजे मूसलाधार बारिश हुई।
वहीं, शनिवार सुबह भी शिमला समेत अधिकतर इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है। आने वाले दिनों में भी लोगों को फिलहाल बारिश से कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। सुबह के समय हुई बारिश से स्कूली बच्चों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश के मैदानी, मध्यम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 11 अगस्त तक मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग शिमला केंद्र ने हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है।
मौसम केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि हिमाचल में मानसून सक्रिय है। इसके चलते 11 अगस्त तक हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है।