प्रदेश के विभिन्न इलाकों में 29 जुलाई तक बादल झमाझम बरसेंगे। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले एक हफ्ते तक के लिए बारिश का अनुमान जताया है। रविवार सुबह दिनभर बारिश हुई। बारिश के चलते कुछ जगहों पर जहां मौसम खुशनुमा बना रहा, वहीं कुछ जगह बारिश आफत बन गई।
रविवार को सोलन में 7 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई जबकि शिमला में .6 मिली मीटर बारिश हुई। रविवार को बारिश के कारण मंडी के निहरी में मेला परिसर के पास पहाड़ी में भू स्खलन के कारण मेले में आए दो व्यापारी मलबे के नीचे आ गए।
दोनों को किसी तरह बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया। करसोग-रामपुर सड़क पर कोटलू के समीप पहाड़ी दरकने से सड़क आठ घंटे तक बाधित रही। वहीं, मंडी-कुल्लू वाया कटौला मार्ग भी सुबह चार बजे ही अस्थाई पुल (कलवर्टो ) के बहने से बाधित हो गया।
पुलिया बहने के कारण फंसे लोग
वहीं, क्षेत्र की टिहरी पंचायत के मरोगी में ल्हासे गिरने से यातायात बाधित हुआ है। रामपुर में शनिवार देर रात बारिश होने से कई संपर्क मांग कुछ घंटों के लिए बंद रहे। किन्नौर में भी एनएच पांच पर आवाजाही प्रभावित हुई।
मणिकर्ण घाटी के बरशैणी के पास पुलिस और एसएसबी शमशी के जवानों ने करीब 40 पर्यटकों का रेस्क्यू किया है। बरशैणी के साथ लगते कुचुम नाला पर बनी पुलिया बहने के कारण लोग नाले के उस पार फंस गए थे।
सूचना पाकर मौके पर जवानों ने नाले में अस्थायी पुलिया बनाकर सभी लोगों को सुरक्षित पहुंचाया। इसमें देशी-विदेशी ट्रैकर भी शामिल थे।
उधर, कुल्लू में रविवार को मौसम रहा। वहीं, भारी बारिश के चलते सोलन शहर समेत आसपास के क्षेत्र में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रविवार दोपहर भारी बारिश की वजह से शिमला-कालका हाइवे पर फोरलेन का निर्माण प्रभावित हुआ।
29 जुलाई तक जताई भारी बारिश की आशंका
यहां कई जगह रूक-रूक कर पत्थर व मलबा गिरता रहा। जिससे आवाजाही कर रहे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा दूरदराज इलाकों से टमाटर, सेब व दूसरी नकदी फसलें लेकर सब्जी मंडी पहुंचे किसानों व बागवानों को बारिश की वजह से खुले में अपनी फसल रखनी पड़ी।
जिला बिलासपुर में सुबह से ही धूप खिली रही। सिरमौर में रविवार को दिनभर मौसम साफ रहा। रविवार को शिमला में अधिकतम तापमान 23.0, ऊना में 36.0, नाहन में 28.7, सोलन में 28.5, धर्मशाला में 27.8, सुंदरनगर में 32.8, भुंतर में 31.8, कल्पा में 22.4, और कांगड़ा में 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।