हिमाचल हाईकोर्ट ने शिमला के झंझीड़ी में हुए स्कूल बस हादसे के बाद ऐसे ही एक हादसे से जुड़ी जनहित याचिका पर बुधवार को दोबारा सुनवाई करने का फैसला लिया है। मुख्य न्यायाधीश वी रामासुब्रमनियन और न्यायाधीश अनूप चिटकारा की खंडपीठ ने बुधवार के लिए सुनवाई निर्धारित की।
कोर्ट ने मंगलवार कोे सुनवाई के दौरान कोर्ट मित्र एवं अन्य अधिवक्ताओं से सुझाव मांगे हैं कि भविष्य में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिएं। अगर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कमेटी गठित करनी हो तो कमेटी के सदस्य कौन हों।
कोर्ट ने झंझीड़ी में हुए दर्दनाक स्कूल बस हादसे को नूरपुर स्कूल बस हादसे में लंबित जनहित याचिका वाले मामले के साथ संलग्न कर मामले पर सुनवाई तय की है।
गौरतलब है कि गत वर्ष 9 अप्रैल 2018 को नूरपुर बस हादसे में 26 स्कूली बच्चों को मिलाकर कुल 29 लोगों की हादसे में मौत हो गई थी। हाईकोर्ट ने 10 अप्रैल 2018 को इस मामले को लेकर स्वत: संज्ञान लिया था।