आईजीएमसी का गायनी विभाग अध्ययन कर तैयार करेगा रिपोर्ट
विशेषज्ञ लेप्रोस्कोप और रोबोटिक सर्जरी से ऑपरेशनों में रिकवरी रेट होगा स्पष्ट
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में गायनी विभाग की ओर से की गई रोबोटिक सर्जरी से ठीक होने में कितने दिन लगे इसका विशेषज्ञ पता लगाएंगे। गायनी विभाग के विशेषज्ञों की ओर से विस्तार से अध्ययन किया जाएगा। इसमें रोबोटिक सर्जरी के साथ लेप्रोस्कॉपिक सर्जरी के बीच रिकवरी रेट को भी स्पष्ट किया जाएगा। विशेषज्ञों की ओर से हाल ही में अध्ययन शुरू किया गया है। अध्ययन के लिए चिकित्सकों ने प्रश्न और रूपरेखा तैयार की है। लेप्रोस्कॉप और रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से किए गए ऑपरेशन, इसमें मरीजों के स्वास्थ्य में होने वाले सुधार, घाव भरने में लगने वाला समय और सामान्य गतिविधियों में लौटने की अवधि का आकलन किया जाएगा। अध्ययन करने के बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
अध्ययन से अस्पताल में आधुनिक सर्जिकल तकनीक के परिणामों को समझने और भविष्य में उपचार से जुड़े निर्णयों के लिए चिकित्सकीय आंकड़े उपलब्ध हो सकेंगे। आईजीएमसी में गायनी विभाग की ओर से अब तक 65 से ज्यादा रोबोटिक सर्जरी की गई हैं। ऑपरेशन के बाद संक्रमण की स्थिति और अन्य संभावित जटिलताओं से जुड़े पहलुओं का भी अध्ययन किया जाएगा।
कोट्स
गायनी में हुई रोबोटिक सर्जरी के बाद मरीज कितने दिन में ठीक हुए, इसका अध्ययन से पता चलेगा। संक्रमण की दर की भी जानकारी मिल सकेगी। इस बारे में अध्ययन शुरू कर दिया गया है।
-डॉ. आर ज्योति महाजन, प्रोफेसर गायनी विभाग