जुन्गा (शिमला)। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग मशोबरा की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पीरन में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इसमें सीएचसी मशोबरा की चिकित्सा अधिकारी डॉ. रुचि सैनी और डॉ. पुनीत वर्मा ने पीरन स्कूल तथा प्राथमिक स्कूल नालटा के 150 बच्चों का स्वास्थ्य जांचा। डॉ. रुचि सैनी ने बताया कि शिविर में बच्चों में 40 तरह की बीमारियों जांच की गई है। ऐसे शिविर में किसी भी रोग के लक्षण पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग निशुल्क उपचार देता है। बच्चों के एचबी की जांच भी की गई। कुछ बच्चों में खून की कमी पाई गई जिन्हें आयरन की गोलियां और संतुलित आहार लेने की सलाह दी गई। बच्चों को सर्दियों के मौसम में स्वस्थ रहने के भी टिप्स दिए गए। कार्यवाहक प्रधानाचार्य देविंदा चौहान ने विद्यालय में बच्चों के स्वास्थ्य जांच के लिए शिविर आयोजित करने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार धन्यवाद किया। संवाद