नेता सदन जयराम और नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री एक साथ उपाध्यक्ष हंसराज को उनकी चेयर तक ले गए। सीएम जयराम ठाकुर ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में विपक्ष की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमें ऐसी परंपरा को आगे लेकर चलना चाहिए।
नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विधानसभा में 23 युवा चेहरे पहली बार पहुंचे हैं। इनको सदन के तौर-तरीके और परंपराओं से अवगत करवाने की जिम्मेदारी हमारी है। पहले दिन से चरित्र हनन की राजनीति शुरू हो जाती है। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में नई राजनीति की शुरुआत हुई है।
कुछ पुराने चेहरे हैं, लेकिन भूमिका बदल गई है। हंसराज को कक्षा का वह शरारती बच्चा बताया, जिसे दूसरों के कंट्रोल करने के लिए मानीटर बनाया जाता है। विधायक आशा कुमारी ने चंबा जिले को सरकार में प्रतिनिधित्व मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सदन इस बार बुजुर्गों के होश और युवाओं के जोश से चलेगा।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सदन को 11 मंत्रियों का परिचय देना था, लेकिन वह दस मंत्रियों के विभाग बताने के बाद बैठ गए। उन्हें बगल में बैठे मंत्री महेंद्र ठाकुर ने इशारा किया कि अनिल शर्मा का नाम नहीं लिया। इसके बाद सीएम को दोबारा उठकर उनका परिचय सदस्यों से करवाना पड़ा।
चले मत जाना इनके नजदीक
उपाध्यक्ष को उनकी चेयर पर बिठाते हुए सीएम जयराम बोले कि विपक्ष के नेता आपके बहुत करीब हैं। इनके नजदीक मत चले जाना। मुकेश ने उपाध्यक्ष और अध्यक्ष की ओर देखते हुए चुटकी ली कि किस राजनीति के तहत आपको ऊपर बैठाया है ये तो आपकी पार्टी जाने।