धनतेरस और दिवाली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को हमीरपुर शहर में मिठाई और फास्ट फूड की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान 15 से 20 दुकानों की जांच की गई और छह खाद्य पदार्थों मोमोज, बर्फी, अलसी के लड्डू, मलाई बर्फी, कलाकंद और लड्डू के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
विज्ञापन
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर ने मिठाई विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों में केवल खाद्य गुणवत्ता वाले रंगों का सीमित मात्रा में इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। वहीं फास्ट फूड विक्रेताओं को तैयार खाद्य पदार्थों में किसी भी तरह का रंग नहीं मिलाने को कहा।
उन्होंने मोनो सोडियम ग्लूटामेट (एमएसजी) का भी कम मात्रा में इस्तेमाल करने की हिदायत दी। दुकानदारों को ग्राहकों को खाद्य सामग्री देते समय दस्ताने, मास्क और सिर ढकने के लिए टोपी पहनने के निर्देश भी दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त मंजीत सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन के अंत तक निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। इसका उद्देश्य लोगों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना है।