कई और आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले में पीआईटी (प्रिवेंटिव डिटेंशन) एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक और आदतन चिट्टा तस्कर को तीन माह के लिए जेल भेज दिया है। आरोपी बलबीर सिंह के खिलाफ नशा तस्करी के तीन केस दर्ज हैं।
अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह से मंजूरी मिलने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस ने मंजूरी मिलने के बाद कुछ दिन पहले ही आरोपी के घर में दबिश दी थी लेकिन इस दौरान वह छलांग लगाने की वजह से गिरकर घायल हो गया था। अब 17 सितंबर को उसे जेल भेज दिया है। अभी तक जिला पुलिस पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत तीन लोगों को जेल भेज चुकी है। नशा तस्करों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ऐसे लोगों की पहचान कर रही है, जोकि लगातार नशा तस्करी के मामलों में संलिप्त हैं। इसके अलावा पुलिस कई और मामलों में ऐसे आदतन अपराधियों के खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने के लिए फाइल तैयार कर पुलिस मुख्यालय को भेज रही है।
विज्ञापन
यहां से फाइल अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह के पास जाती है। प्रदेश सरकार ने सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल के बाद ऐसे आरोपियों को सीधे तीन महीने के लिए जेल भेजने के निर्देश जारी करती है। चिंता की बात यह है कि जिला शिमला में चिट्टा तस्करी ने युवा पीढ़ी को बर्बादी के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। पुलिस नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद लोग जमानत पर रिहा होने के बाद फिर से नशा तस्करी में संलिप्त हो जाते हैं। इसमें कई नशे के आदी युवा भी हैं। यह नशा तस्कर समाज और खासकर युवा पीढ़ी के लिए खतरनाक साबित हो रहे हैं। इसको देखते हुए अब जिला पुलिस ने बार-बार नशा तस्करी में पकड़े जाने वाले आरोपियों के खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है।
उच्च न्यायालय के न्यायाधीश करते हैं बोर्ड की अध्यक्षता
देश में मादक दवाओं और मनप्रभावी पदार्थों के अवैध व्यापार को रोकने के उद्देश्य से भारत सरकार ने 1988 में पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम लागू किया है। यह अधिनियम ऐसी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों को हिरासत में लेने की अनुमति देता है, जो कि बार-बार नशा तस्करी में संलिप्त पाए जाते हैं। इस तरह के मामलों के लिए सलाहकार बोर्ड का गठन किया है। सचिव गृह से किसी भी आरोपी को हिरासत में भेजने के बाद सलाहकार बोर्ड मामले की सुनवाई करता है। इसकी अध्यक्षता प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश करते हैं। साथ ही दो वरिष्ठ अधिवक्ता इसके सदस्य होते हैं। सुनवाई में पुलिस अपना पक्ष प्रस्तुत करती है जबकि आरोपी को भी अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाता है।