प्रदेश पुलिस के मुखिया की बर्खास्तगी की मांग को लेकर बुधवार को गुड़िया, होशियार और मेदराम न्याय मंच विधानसभा का घेराव करेगा। ओल्ड बस स्टेंड स्थित पंचायत घर से एकत्र होकर सैकड़ों लोग विधानसभा तक रैली निकालकर न्याय की मांग करेंगे।
पूर्व में दो बार न्याय मंच के के लोग राज्य सचिवालय के बाहर भी उग्र प्रदर्शन कर चुके हैं। ऐसे में बुधवार को भी विधानसभा के बाहर उग्र प्रदर्शन होने की संभावना जताई जा रही है।
न्याय मंच के सह संयोजक विजेंद्र मेहरा ने बताया कि गुड़िया, होशियार सिंह और मेदराम को इंसाफ दिलाने के लिए बुधवार को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का पुलिस से पूरी तरह से विश्वास उठ चुका है।
गुड़िया, होशियार सिंह और मेदराम के मामलों में पुलिस की कार्य प्रणाली संदेहास्पद है। पुलिस हिरासत में एक आरोपी की मौत से पुलिस की छवि पूरी तरह से दागदार हो गई है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है।
बलात्कार और हत्या के मामले प्रदेश में रोजाना बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में डीजीपी को अपने पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। विजेंद्र मेहरा ने कहा कि डीजीपी को बर्खास्त करने और इन तीनों मामलों की जांच में तेजी लाने की मांग को लेकर विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।