रेसलर दलीप सिंह राणा उर्फ ग्रेट खली घुमारवीं में दिव्यांग बच्चों के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। 30 सितंबर को वे यहां दिव्यांग बच्चों की मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाएंगे और उनकी हौसला अफजाई करेंगे। आशा किरण शिक्षण संस्थान घुमारवीं में 30 सितंबर से दो अक्टूबर तक तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन करेगा।
संस्थान के निदेशक योगेंद्र मलिक ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष राज्य स्तरीय कार्यक्रम घुमारवीं में होगा। इसमें प्रदेशभर के दिव्यांग बच्चे सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। इस दौरान मैराथन दौड़ भी आयोजित की जाएगी, जिसे रेसलर दलीप सिंह राणा हरी झंडी दिखाएंगे।
यह कार्यक्रम घुमारवीं के एक निजी होटल में होगा। तीन दिन तक होने वाली प्रतियोगिता में दिलवान सिंह, राजू राज, सतविंद्र कौर, नेहा चौधरी, इंदू बाला, कल्पना तोमर सहित चंडीगढ़ का अमित्य इंटरनेट ग्रुप सहित अन्य सेलेब्रिटी भी प्रस्तुति देंगे।
संस्था की प्रबंध निदेशक बर्फी देवी ने बताया कि सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त बिलासपुर विवेक भाटिया करेंगे। समापन पर प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सिकंदर कुमार मुख्यातिथि होंगे।