शिमला के नालदेहरा के बाद वर्ष 2019 में सैलानी मनाली में भी गोल्फ का लुत्फ उठा सकेंगे। मनाली से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर बड़ाग्राम बिहाल में 102 बीघा जमीन पर गोल्फ कोर्स का निर्माण किया जा रहा है।
प्रोजेक्ट प्रबंधन ने अक्तूबर 2018 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है। एडीबी फंडिड प्रोजेक्ट के तहत पर्यटन विभाग के माध्यम से इसका निर्माण किया जा रहा है। 40 करोड़ के प्रोजेक्ट के तहत आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर का निर्माण भी किया जा रहा है।
बिलासपुर, कुल्लू और मंडी जिलों में एडीबी प्रोजेक्ट का कार्य देख रहे मंडी डिवीजन के प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश अरोड़ा ने बताया कि आर्ट क्रॉफ्ट सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। वर्कशॉप, कॉमर्शियल ब्लॉक का कार्य 50 से 60 फीसदी पूरा कर लिया गया है।
गोल्फ कोर्स का कार्य प्रारंभिक चरण में है। कोर्स की लेबलिंग का कार्य चल रहा है। यह कोर्स नौ हॉल का होगा। अरोड़ा के मुताबिक पर्यटकों को गोल्फ की सुविधा वर्ष 2019 से मिलनी शुरू होगी।