हिमाचल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की 10वीं कक्षा में फेल होने के बाद तनाव में छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार परीक्षा परिणाम से पूर्व ही साहू क्षेत्र की छात्रा ने परीक्षा में फेल होने पर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का निर्णय ले लिया। छात्रा ने फरवरी महीने में ही एक सुसाइड नोट लिखकर इसका जिक्र भी किया। 10वीं की परीक्षा में फेल होने पर नाबालिग लड़की तनाव में रहने लगी। बेटी को उदास देख परिजनों ने भी उसे समझाया। लेकिन बुधवार को जब उसकी मां मनरेगा में दिहाड़ी लगाने और पिता मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गए तो उसने अपने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। घर पर मौजूद छोटे भाई ने काफी देर तक बहन के कमरे से बाहर ना आने पर दरवाजा खोलने की कोशिश की। लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था।