हिमाचल के पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जसूर के बौड़ में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में युवती की मौत हो गई है, जबकि स्कूटी चला रहा उसका भाई घायल हो गया। हादसे में मृतक युवती की महज 3 दिन बाद शादी थी।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया जिसे पकड़ने के लिए पुलिस ने दो टीमें बनाई हैं। मृतका की पहचान पारूल पुत्री पवन कुमार निवासी वार्ड नं 9 नूरपुर के तौर पर हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 साल की पारुल अपने मुंह बोले भाई वरुण के साथ स्कूटी पर शाम को नूरपुर से जसूर किसी काम के लिए जा रही थी।
इस दौरान बौड़ निकट पीछे से आ रहे ट्रक ने साइड मार दी, इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई। पारुल का सिर सड़क पर जोर से लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई ,जबकि स्कूटी चला रहे वरुण को मामूली चोटें आईं। नूरपुर थाना प्रभारी ज्ञान चंद ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ धारा 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।