कॉलेज-स्कूली छात्रों के साथ आम लोगों को झेलनी पड़ रही परेशानी, विभाग सड़क में लगा रहा डंगे
विज्ञापन
टारिंग न होने से सड़क पर फैली है धूल अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी से सटे शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की घणाहट्टी-नालहट्टी कोहबाग सड़क में घणाहट्टी से हरि देवी तक के ढाई किलोमीटर हिस्से की हालत खस्ता बनी हुई है।
सड़क में जगह-जगह हुए गड्ढों पर वाहनों के गुजरने से उठने वाले धूल के गुबार से वाहन चालकों के साथ इस सड़क से पैदल सफर करने वाले लोग परेशान हैं। टारिंग सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन अभी तक इस सड़क की टारिंग नहीं की गई है। पिछले एक साल से सड़क की हालत दिनों दिन खराब हो रही है। इस रूट से रोजाना निजी वाहन और बसों से सैकड़ों लोग सफर करते हैं।
विज्ञापन
हरि देवी से आगे कालीहट्टी तक की सड़क की हालत ठीक है, लेकिन शुरू की घणाहट्टी से हरि देवी तक के ढाई किलोमीटर सड़क की हालत खराब होने से लोगों को परेशानी पेश आ रही है। इस सड़क से निजी शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई कर रहे सैकड़ों छात्र कॉलेज और स्कूल पहुंचते हैं। इनमें बहुत से छात्र घणाहट्टी से हरि देवी तक पैदल आते जाते हैं, सड़क में हुए गड्ढों और उसमें बिछाई गई मिट्टी के कारण वाहनों के गुजरने पर धूल उड़ती है।
इसके अलावा गड्ढों से छोटे वाहन चालकों को वाहन चलाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। लोक निर्माण विभाग ने इस ढाई किलोमीटर की सड़क की तंग जगहों पर डंगे लगाकर इसे चौड़ा किया है, बरसात में हुए नुकसान से क्षतिग्रस्त हुई सड़क ठीक की जा रही है। स्थानीय लोग और जन प्रतिनिधि स्थानीय विधायक और लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री के समक्ष इस सड़क की टारिंग का कार्य करवाने की मांग कर चुके है।
सड़क के गड्ढों और धूल से हो रही परेशानी
सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इससे वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी पेश आ रही है। विभाग इस सड़क की जल्द टारिंग करवाए, जिससे लोगों को राहत मिले।
-कमल ठाकुर, निवासी हरि देवी
कारोबार भी हो रहा प्रभावित
सड़क की खराब हालत के कारण वाहनों के गुजरने पर धूल उड़ रही है, जिससे यहां चल रहे ढाबे, दुकानों में कारोबार प्रभावित हो रहा है। लोक निर्माण विभाग इस ढाई किलोमीटर की सड़क की जल्द टारिंग करवाए।
टारिंग को आया है बजट, जल्द शुरू होगा काम
घणाहट्टी-नालहट्टी-कोहबाग सड़क में घणाहट्टी से हरि देवी तक की सड़क में जहां बरसात में नुकसान हुआ था वहां डंगे लगाने का कार्य किया जा रहा है। सड़क के इस हिस्से की टारिंग करने के लिए बजट मंजूर हुआ है, इसके टेंडर कॉल किए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर इस कार्य को करवाया जाना है। -राजेश अग्रवाल, एक्सईएन, धामी डिविजन