लंबे इंतजार से लोग हो रहे थे परेशान
शिमला। ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलिंडर लेने के लिए अब उपभोक्ताओं को 45 दिन पूरे होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीण हल्कों में अब बुकिंग के 25 दिन बाद ही नया गैस सिलिंडर डिलीवर हो जाएगा। व्यवस्था में बदलाव होने से जिला के हजारों ग्रामीण उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली। हालांकि शहरों में पहले से 25 दिन बाद सिलिंडर उपलब्ध करवाने की व्यवस्था लागू थी, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन की अवधि निर्धारित होने के कारण उन्हें अतिरिक्त इंतजार करना पड़ता था।
पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण देश में एलपीजी आपूर्ति पर दबाव बढ़ने के दौरान ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग का अंतर 45 दिन किया गया था। सरकार का तर्क यह भी था कि घरेलू गैस सिलिंडरों की अनावश्यक बुकिंग और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके इसलिए यह फैसला लिया गया। सरकार का मानना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में शहरों की अपेक्षा गैस सिलिंडर की खपत अपेक्षाकृत कम होती है। ऐसे में बुकिंग की अवधि बढ़ाई गई थी। ग्रामीण इलाकों में कई परिवारों के लिए यह इंतजार परेशानी का कारण बन रहा था।
जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नरेंद्र धीमान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन की अवधि के बाद गैस बुकिंग में बदलाव किया गया है। ऐसे में यह भी अब 25 दिनों बाद गैस बुकिंग के बाद सिलिंडर प्राप्त कर सकेंगे।