बद्दी में नकली दवाओं के काले धंधे के भंडाफोड़ ने फार्मा हब की साख दांव पर लगा दी है। यहां पर नकली दवाइयां बनाकर बेचने का काला धंधा लंबे समय से चल रहा था। दवा नियंत्रण विभाग के निरीक्षकों ने रात भर रैकी कर पहरा दिया और इस गिरोह को पकड़ा। यहां पर नकली दवा का गोदाम ही नहीं बल्कि इन दवाओं को बनाने वाली कंपनी भी है। इसका भी जल्द ही खुलासा होगा। उद्योग संचालक आगरा निवासी मोहित बंसल कभी-कभार यहां आता है। इस फर्जी कंपनी में ऐसी नकली दवाइयां बनती थीं जिसका आम लोग इस्तेमाल करते हैं। लोगों के जीवन के साथ सीधा खिलवाड़ हो रहा है।
विभाग को जैसे ही पता चला कि सोमवार रात को बद्दी से दवाइयों की गाड़ी जानी है तो उसके लिए विभाग के ड्रग निरीक्षकों ने रात भर पहरा दिया। पूरी रात जागने के बाद सुबह के समय विभाग के हाथ सफलता लगी। पहले विभाग की टीम ने गाड़ी को चेक किया तो गाड़ी से भी दवाई मिलीं। विभाग ने इस दौरान बद्दी पुलिस को भी साथ ले लिया। गाड़ी में एक चालक ही था। चालक से कड़ाई से पूछा तो उसने बताया कि यह माल सिक्का होटल के समीप एक गोदाम से लाया है। जब गोदाम को खोलकर देखा तो उसने भारी मात्रा में दवाई मिली। कुछ बिना पैक की दवाई और प्रिंटेड फायल भी मिले। बताया जा रहा है कि बद्दी में ही एक कंपनी में दवाई का निर्माण भी होता था जिसमें नामी कंपनियों का नाम इस्तेमाल किया जाता था।
राज्य दवा नियंत्रक नवनीत मरवाह ने बताया कि अभी विभाग ने गोदाम पकड़ा है। यहां पर नकदी दवाई भी तैयार होती होगी जो नामी कंपनियों के नाम से तैयार की जाती थी। यहां तैयार दवाई आगरा निवासी मोहित बंसल अपने स्टोर पर बेचता था। सिपला, यूएसवी और इपका जैसे बड़े नामों की कंपनियों की नकली दवाएं यहां पर बन रही हैं। जल्द ही विभाग दवा निर्माण करने वाली कंपनी का भी पर्दाफाश करेगी। अभी गोदाम में मिली दवाइयों की गिनती की जा रही है। उसके बाद निर्माण कंपनी की भी धर पकड़ होगी।