कोरोना नियमों का करना होगा पालन, बिना मास्क के गेयटी में नहीं मिलेगा लोगों का प्रवेश
क्रॉसर
24 जुलाई को ट्रेवरन हाल में लगेगी प्रदर्शनी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। देश-विदेश से शिमला घूमने आने वाले पर्यटकों और रंगमंच से जुड़े रंग कर्मियों के लिए खुशखबरी है। कोरोना की दूसरी लहर में बंद पड़ा राजधानी शिमला का ऐतिहासिक गेयटी थियेटर तीन माह बाद दोबारा 23 जुलाई से खुल जाएगा।
गेयटी थियेटर में अब सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ प्रदर्शनियां लगाई जा सकेंगी। इसके साथ मंच से जुड़े कलाकार गेयटी में रिहर्सल शुरू कर पाएंगे। इससे कलाकारों को गेयटी जैसे ऐतिहासिक मंच पर अभिनय निखारने का अवसर मिलेगा। खासतौर पर देश-विदेश के पर्यटकों को ऐतिहासिक गेयटी के गौथिक हाल को देखने का मौका मिलेगा। गेयटी प्रबंधन के मुताबिक 24 जुलाई को ऐतिहासिक गेयटी के ट्रेवरन हाल में प्रदर्शनी लगेगी। सरकार के कोविड मानकों के अनुसार ही गेयटी थियेटर में व्यवस्था बनाई है। परिसर में दो गज दूरी के साथ मास्क लगाना अनिवार्य रहेगा। सैनिटाइजर और थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही लोगों को गेयटी के अंदर जाने की अनुमति मिलेगी। इसके अलावा कोविड नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वीरवार को भी गेयटी परिसर में कार्यक्रम की बुकिंग के लिए आयोजकों का आना जाना लगा रहा।
18 अप्रैल को हुआ
था आखिरी कार्यक्रम
अंतरराष्ट्रीय धरोहर दिवस के उपलक्ष्य पर 18 अप्रैल को गेयटी थियेटर में कार्यक्रम हुआ था। इसमें स्पीति एक शील मरुस्थल धरोहर पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी लगी थी। इसके बाद कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के चलते सरकार ने थियेटर में कार्यक्रम पर रोक लगा दी थी। इस कारण आधा दर्जन कार्यक्रम रद्द हो गए थे।