प्रदर्शनी में भांग के बीजों और पत्तियों से तैयार तेल, साबुन और चटनी बनी आकर्षण का केंद्र
विज्ञापन
बागवानी मंत्री जगत सिंह ने किया प्रदर्शनी का शुभारंभ संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। गेयटी थियेटर में राज्य कर एवं उत्पाद शुल्क आयुक्त आयोग की ओर से शुक्रवार को भांग की खेती को वैध करने और औषधीय उपयोग विषय पर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें देशभर की कंपनियों ने भांग से बनाए उत्पाद प्रदर्शित किए।
प्रदर्शनी में भांग के बीजों का तेल, पेन रिलीफ बाम, मसाज ऑयल (तेल), त्रिलोक्य विजयवती, नमक, मुड़ी, नमकीन, ठंडाई पाउडर, साबुन और चटनी रखी थी। लोगों ने भांग के बने इन उत्पादों की खरीदारी की। लोगों को भांग की खट्टी-मीठी चटनी खूब पसंद आई। प्रदर्शनी का शुभारंभ बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने किया। उन्होंने विभिन्न कंपनियों द्वारा लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कहा कि नशा मुक्त, समृद्ध और खुशहाल हिमाचल की अवधारणा को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। इसी संदर्भ में सेमिनार और प्रदर्शनी के माध्यम से भांग के औद्योगिक और औषधीय उपयोग को लेकर यह प्रदर्शनी लगाई है ताकि लोग भांग के औषधीय गुणों को जान सकें। इस मौके पर कंपनियों के प्रतिनिधियों ने औद्योगिक नवाचार और भांग के औषधीय उपयोग से संबंधित युगांडा कल्टीवेशन प्रोजेक्ट बारे प्रस्तुति भी दी।
इन केयर लैब और कन्नरमा से रोहित चौहान, अयूरिंस्टिंक्ट हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड से डॉ. पीयूष जुनेजा, हिमालयन हेम्प इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड से हनीश कतनावर, थिंक द हिमालयन हेम्प इन कार्पोरेशन से भाविक विपुल शाह, इंडिया हेम्प एंड कैनाबिस नेटवर्क से कनिका सूद, पाई हेम्प प्राइवेट लिमिटेड से डॉ. रश्मि पुंहानी और अनिल कुमार, इंडियन हेंप स्टोर से सिद्धार्थ गुप्ता, बांबे हेंप कंपनी से देलजाद डोलॉलीवाला, सरकारी सलाहकार अधिवक्ता देवेन खन्ना ने प्रस्तुति दी। इस अवसर पर विशेष सचिव राज्य कर और उत्पाद शुल्क हरबंस ब्रासकोन, अतिरिक्त आयुक्त राजीव डोगरा और विवेक चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।