राजधानी के दीन दयाल उपाध्याय क्षेत्रीय अस्पताल में सोमवार सुबह से लेकर दोपहर बाद तक मरीजों की लाइनें लगी रहीं। एक दिन की छुट्टी के बाद खुले अस्पताल में पहले पर्ची काउंटर, फिर ओपीडी और इसके बाद टेस्ट लैब के बाहर मरीजों को लाइनों में धक्के खाने पड़े। अस्पताल पहुंचे मरीजों को यहां उपचार तो मिला लेकिन लंबी लाइनों में घंटों के इंतजार ने कई लोगों की हालत बेहाल कर दी। पेश है लाइव रिपोर्ट:-
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। दिन : सोमवार। समय सुबह : 8:50 बजे। शहर के दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल के पर्ची काउंटर पर लोगों की लंबी लाइनें लगना शुरू हो गई हैं। महिला और पुरुष दोनों की लाइनें लंबी होती जा रही हैं।
9:00 बजते ही पर्ची काउंटर पर कर्मचारी पहुंचते हैं और पर्ची बनाना शुरू कर देते हैं। महिला काउंटर की लाइन बाहर गैलरी तक पहुंच गई। वहीं पुरुषों की लाइन में भी 40 से ज्यादा लोग खड़े हो गए हैं। दोनों काउंटर पर पर्ची कटने के बाद सभी मरीज और तीमारदार अपनी-अपनी ओपीडी की ओर बढ़ते हैं। सुबह 10:00 बजे अस्पताल की ऑर्थो ओपीडी के बाहर अब लंबी लाइन लग गई है। यहां डॉक्टर एक-एक कर मरीजों का चेकअप कर रहे हैं। सोमवार होने के कारण आज मरीजों की संख्या बाकी दिनों से ज्यादा है।
विज्ञापन
ओपीडी के बाहर लाइन इतनी बढ़ गई कि डॉक्टर के पास अंदर-बाहर की आवाजाही भी रुकने लगी। 11:00 बजे नेत्ररोग विभाग के बाहर भी लंबी लाइन लग चुकी थी। यहां कई लोग ऐसे हैं जो डेढ़ घंटे से ओपीडी के बाहर बैठे हैं। कुछ मरीजों ने बताया कि सुबह 9:00 बजे पहले पर्ची काउंटर पर लाइन में लगना पड़ रहा है, फिर ओपीडी के बाहर की लाइन के लिए भागते हैं। यहां से भी अब टेस्ट के लिए लिखा है। मरीजों ने कहा कि पर्ची काउंटर की संख्या बढ़नी चाहिए या फिर आईजीएमसी की तर्ज पर ओपीडी में ही पर्ची काटने की सुविधा मिलनी चाहिए।
लाइन में खड़े रहकर पैरों में आ गई सूजन
टुटू से आई ममता ने बताया कि वह सुबह 9:00 बजे अस्पताल पहुंची हैं, पैर में दर्द है। यहां करीब एक घंटे काउंटर के बाहर लगी लाइन में खड़े रहने के बाद पर्ची मिल पाई। काफी देर खड़ा रहने से उनके पैरों में सूजन आ गई है। तबीयत भी बिगड़ने लगी है। ऑर्थो ओपीडी में चेकअप करवाया जहां से अब एक्सरे के लिए भेजा है। यहां भी लंबी लाइन है। एक घंटे के इंतजार के बाद उनका नंबर आया। एक अन्य युवक रमन ने बताया कि वह सुबह 10:00 बजे अस्पताल पहुंचे थे, उन्हें पेट में दर्द था। टेस्ट करवाने के लिए सुबह से कुछ खाना भी नहीं खाया। अस्पताल में दोपहर करीब 12:00 बचे पर्ची मिली जिसके बाद उन्हें डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड के लिए कहा है। अब उन्हें सरकारी लैब में अल्ट्रासाउंड ने लिए करीब दो घंटे और खड़ा रहना पड़ा है।
रोजाना आते हैं सैकड़ों मरीज
डीडीयू अस्पताल 300 बेड वाला जोनल अस्पताल है। अस्पताल में जनरल मेडिसिन, सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, गायनेकोलॉजी, पेडियाट्रिक्स, डर्मेटोलॉजी, आई क्लीनिक, ईएनटी, डेंटल, रेडियोलॉजी, ब्लड बैंक और डायलिसिस सेंटर सहित कई विभाग चलते हैं। यहां रोजाना 800 से ज्यादा मरीज चेकअप के लिए आते हैं।