मैदान से स्वस्थ जीवन और नशामुक्ति का दिया संदेश संवाद न्यूज एजेंसी जुन्गा (शिमला)। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत मंगलवार को जुन्गा में आयोजित वॉलीबॉल टूर्नामेंट में फ्रेंड्स स्पोर्ट्स फागू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीओ-11 पुलिस बटालियन जुन्गा को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता का आयोजन सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएनएल) और प्रदेश प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की आठ टीमों ने दमखम दिखाया। समापन समारोह में एसजेवीएनएल के निदेशक (कार्मिक) अजय शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की जबकि पद्मश्री नेक राम शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अजय शर्मा ने सभी टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेलकूद स्वस्थ शरीर के साथ सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
पद्मश्री नेक राम शर्मा ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ पर्यावरण के साथ पौष्टिक और प्राकृतिक खाद्य पदार्थ भी जरूरी हैं। समारोह में निदेशक अजय शर्मा और पद्मश्री नेक राम शर्मा ने खिलाड़ियों सहित उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार फागू के आशीष, बेस्ट स्पाइकर का पुरस्कार सीओ-11 के प्रवीण और बेस्ट लिफ्टर का पुरस्कार जुन्गा के कमल को दिया गया। इस अवसर पर एसजेवीएनएल की सीजीएम सीमा कुमार, परविंद नेगी, राजेंद्र चौहान, विपिन कुमार, सुमेहा कौशल सहित पुलिस बटालियन के अधिकारी एवं जवान और विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ी मौजूद रहे। पुलिस बैंड ने आकर्षक धुनें प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया।