आढ़ती ने महाराष्ट्र के लदानी को भेजी थी लाखों की सेब की पेटियां
अब पैसे देने में आनाकानी कर रहा आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सेब खरीद के नाम पर एक और आढ़ती से लाखों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने सेब सीजन में लाखों का सेब महाराष्ट्र के लदानी को भेजा था, लेकिन अब वह पैसे देने में आनाकानी कर रहा है। पुलिस ने आढ़ती की शिकायत पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में लोकेश राज दत्ता निवासी बंछुआ नेू बताया कि वह एमएस दत्ता फ्रूट के नाम से न्यू सब्जी मंडी मेहंदली में कमिशन एजेंट का काम करता है। बताया कि सेब सीजन के दौरान करीब 60 लाख रुपये का सेब शोएब अहमद निवासी पैराडाइज काॅलोनी, अमरावती, महाराष्ट्र को भेजा था। शोएब महोम्मद दुकान नंबर 88 सब्जी मंडी अमरावती का मालिक है। सेब बेचने के बाद कई बार पेमेंट के लिए आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने अभी तक पैसे नहीं दिए हैं। अब मामले की शिकायत रोहड़ू पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत केस दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस साल सेब सीजन में सेब खरीद के नाम पर जिले के आढ़तियों से करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले सामने आ चुके हैं। शिलारू फल मंडी के आढ़तियों ने भी सेब खरीद के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई है। हाल ही में रोहड़ू में एक लाख रुपये का सेब लेकर एक ट्रक चालक फरार हो गया था। इन मामलों में पुलिस छानबीन कर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास कर रही है। एसएसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि सेब खरीद के नाम पर आढ़ती के साथ धोखाधड़ी के मामले की पुलिस गहनता से छानबीन कर रही है।