सुन्नी बसंतपुर से पहुंची फसल की पहली खेप, किसानों को मिले अच्छे दाम
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी की ढली सब्जी मंडी में शनिवार को फ्रासबीन की पहली खेप पहुंची। फ्रासबीन 100 से 120 रुपये प्रतिकिलो तक बिकी। इस दौरान मंडी में सुन्नी और बसंतपुर से 40 बोरी फ्रासबीन पहुंची, जो हाथों हाथ बिक गई। फसल लेकर मंडी पहुंचे किसानों ने बताया कि इस बार शुरुआत में ही अच्छे दाम मिलने से राहत मिली है। हिमाचल की फ्रासबीन की मांग महानगरों में बहुत अधिक रहती है। हर वर्ष ढली मंडी से फ्रासबीन बाहरी राज्यों की मंडियों में भेजी जाती है। इसके अलावा सब्जी मंडी में मटर 50 से 75 और फूलगोभी 20 से 25 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिकी। आढ़तियों का कहना है इस बार फ्रासबीन की अच्छी पैदावार हुई है। शनिवार को भी मंडी में अच्छी गुणवत्ता वाली फ्रासबीन पहुंची है। आने वाले दिनों में इसकी सप्लाई बढ़ने की संभावना है।
ढली सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के सचिव बिट्टू वर्मा ने बताया कि सुन्नी और बसंतपुर की फ्रासबीन गुणवत्ता के मामले में सबसे बढि़या होती है और मार्केट में इसकी मांग रहती है। बताया कि आने वाले दिनों में अन्य जगहों से भी फ्रासबीन की खेप पहुंचनी शुरू हो जाएगी। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी किसानों को फसल के अच्छे दाम मिलेंगे।