टैक्सी में पंजाब से शिमला आ रहे थे सभी आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पंजाब से शिमला आ रहे चार युवकों को पुलिस ने 16.15 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल की टीम ने चारों युवकों को उस समय पकड़ा जब वह टैक्सी नंबर गाड़ी से शिमला आ रहे थे।
आरोपियों में शिवा, रणवीर सिंह, गुरिंद्र पाल और मलकीयत सिंह निवासी तरनतारन पंजाब शामिल हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। चारों आरोपियों में गिरफ्तार एक आरोपी के खिलाफ पहले चिट्टे के साथ पकड़ा जा चुका है। पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल की टीम ने बालूगंज क्रॉसिंग के पास नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने हरियाणा नंबर की टैक्सी को तलाशी के लिए रोका जिसमें चार युवक बैठे थे। पुलिस ने शक के आधार पर कार में सवार युवकों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 16.15 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने युवकों से पूछताछ की तो पता चला कि तीनों पंजाब के तरनतारन से शिमला आ रहे थे। पुलिस ने युवकों से करीब 35 हजार रुपये नगदी भी बरामद की है। पुलिस ने चिट्टा कब्जे में लेने के साथ ही चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। स्पेशल सेल की टीम ने आरोपियों को बालूगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिरकार चारों युवकों पंजाब से किससे चिट्टा खरीदकर लाए थे और इसे शिमला में किसे बेचने की फिराक में थे। पंजाब से बड़े पैमाने पर चिट्टे की तस्करी के मामले शिमला में आ रहे हैं। खासकर पाकिस्तान की सीमा से सटे जिलों से सबसे अधिक मामले सामने आते हैं। यही वजह है कि पुलिस पंजाब से आने वाले वाहनों की लगातार निगरानी करती है। एसएसपी संजीव कुमार गांधी ने बताया कि चिट्टे के साथ पंजाब के चार युवक गिरफ्तार किए हैं। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।