भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता और पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा ने परिवार के साथ राजगढ़ के फागू में चार दिन वादियों को निहारा। देवदार के घने जंगलों की खूबसूरती चेतन शर्मा को खूब पसंद आई और इन वादियों के मुरीद हो गए हैं। उन्होंने परिवार सहित क्षेत्र के प्रसिद्ध आराध्य शिरगुल देवता की जन्मस्थली शाया स्थित प्राचीन मंदिर में शीश नवाया।
विज्ञापन
चेतन शर्मा फागू के शाया चबरोन में अपने करीबी मित्र घर में रुके थे। बीसीसीआई ने दिसंबर 2020 के आखिरी हफ्ते में चेतन शर्मा को मुख्य चयनकर्ता बनाया है। 54 साल के चेतन शर्मा ने भारत के लिए 23 टेस्ट और 65 वन-डे खेले हैं। तेज गेंदबाज रहे चेतन ने 1987 के वर्ल्ड कप में हैट्रिक अपने नाम की थी। विश्व कप में हैट्रिक लेने वाले वह पहले खिलाड़ी बने थे।
संसाधनों का हुआ है प्रसार, फायदा उठाएं युवा: चेतन
चेतन शर्मा ने कहा कि छोटी उम्र में भी खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब वह क्रिकेट खेला करते थे, तब सीमित स्टेडियम हुआ करते थे। लेकिन, अब प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आसानी से मौका मिल सकता है। संसाधनों का काफी प्रसार हो चुका है। हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में ही तीन-चार क्रिकेट मैदान हैं और वह भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैं।
विज्ञापन
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पास संसधानों की कोई कमी नहीं है। हिमाचल के युवाओं को इसका पूरा लाभ उठाना चाहिए। चेतन शर्मा सोमवार को यहां से वापस हो गए। चेतन के दोस्त अश्वनी सेठी चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। जिनका फागू में फार्म हाउस है। चेतन शर्मा चार दिन फागू में उनके साथ ठहरे।