फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: जंगलों में तीन दिन के भीतर 25 बार लगी आग, लाखों की क्षति

विज्ञापन
विज्ञापन
आतिशबाजी के कारण पहुंचा नुकसान
विज्ञापन

दमकल टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर पाया काबू

अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। दिवाली के त्योहार पर जिले में आग लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इन घटनाओं में जहां लाखों रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, वहीं जंगलों में आग लगने के मामलों में भी इजाफा हुआ है। तीन दिन के भीतर 25 घटनाएं आग लगने की आई हैं, इसमें लाखों की वन संपदा को नुकसान पहुंचा है।

दिवाली के दिन ही जिले में जंगलों में आग लगने की 22 घटनाएं सामने आईं। दिवाली के अगले दिन भी आग लगने की तीन घटनाएं हुई हैं। राजधानी शिमला में संकटमोचन के पास और टुटीकंडी क्रॉसिंग के पास जंगल में आग लगने की घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं में बहुमूल्य वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। जंगलों में आग लगने से आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी दहशत में रहे। अग्निशमन विभाग की टीमों ने सूचना मिलते ही घटनास्थलों पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। आग पर काबू पाने के बावजूद कई स्थानों पर जंगलों में दो दिनों तक आग सुलगती रही। इससे नई पौध के साथ हरे-भरे पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा है। अग्निशमन विभाग के मुताबिक दिवाली पर आतिशबाजी की चिंगारियां जंगलों में गिरने से आग लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। वहीं पिछले कई दिनों से बारिश न होने के कारण जंगलों में सूखे की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में छोटी सी चिंगारी भी जंगल में आग लगने का कारण बन रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन



दिवाली के दिन सबसे अधिक घटनाएं
अग्निशमन विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक दिवाली के दिन प्रदेशभर में जंगलों में आग लगने की 39 घटनाएं सामने आईं। इनमें जिला शिमला में सबसे अधिक 22 घटनाएं दर्ज की गईं। इसके बाद कुल्लू जिले में 11, चंबा में तीन, ऊना में दो और हमीरपुर व सोलन में एक-एक घटना सामने आई। अग्निशमन विभाग के मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि दिवाली के दिन अग्निशमन विभाग की टीमों ने रातभर जंगलों में लगी आग पर काबू पाने के लिए हरसंभव प्रयास किए। सूचना मिलते ही घटनास्थलों पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने पर जोर दिया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें