नई तहबाजारी नीति के तहत पांच वाया तीन फीट रहेगी दुकान, बाजारों में अतिक्रमण से मिलेगी राहत
विज्ञापन
अभी मनमर्जी से दुकानें सजा रहे तहबाजारी
कई जगह पैदल चलने लायक रास्ता तक नहीं छोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के बाजारों और सड़कों के किनारे दुकानें सजाने वाले तहबाजारी अब मनमानी नहीं कर पाएंगे। हर तहबाजारी की दुकान का आकार तय होगा और चिह्नित किए क्षेत्र के भीतर ही सामान बेचने की अनुमति मिलेगी। नई तहबाजारी नीति में दुकान का आकार पांच वाय तीन फीट तय किया जा रहा है।
यह वर्तमान में दी गई जगह से करीब एक फीट कम है। अभी तक तहबाजारी छह वाया तीन फीट वाली जगह पर दुकानें सजा रहे हैं। हालांकि कई तहबाजारी मनमाने तरीके से आठ से दस फीट लंबी जगह घेरकर दुकानें सजा रहे हैं। इससे बाजारों में पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। कई जगह वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो रही है। अब निगम ब्लू लाइन लगाकर दुकानें चिह्नित करेगा। इसमें हर दुकान की लंबा करीब पांच फीट रहेगी जबकि चौड़ाई तीन फीट होगी।
विज्ञापन
नगर निगम ने सर्वेक्षण कर अभी कुल 672 दुकानों के लिए जगह चिह्नित की है। माना जा रहा है कि इन जगहों को चिह्नित कर शहर के तकरीबन सभी तहबाजारियों को दुकानें आवंटित हो सकेंगी। निगम शहर के बाजारों को नो वेडिंग जोन बनाने जा रहा है ताकि इनमें एंबुलेंस की आवाजाही सुचारू रह सके। दुकानों के बाहर तहबाजारियों के बैठने पर पाबंदी रहेगी।
विशेष सदन में लगेगी अंतिम मुहर
शहर में तहबाजारियों को बसाने की योजना पर अंतिम मुहर लगाने के लिए 13 अगस्त को नगर निगम का विशेष सदन बुलाने का फैसला लिया गया है। इस सदन में तहबाजारियों से जुड़े हर सवालों पर चर्चा होगी। निगम के अनुसार शहर में तहबाजारी जोन चिह्नित कर लिए हैं। अब विशेष सदन में इस पर मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद ब्लू लाइन लगाकर इन्हें अंकित किया जाएगा। नगर निगम ने तहबाजारियों का भी सर्वेक्षण कर लिया है। इन्हें भी स्थान आवंटित करने और किराया निर्धारण करने पर भी फैसला लिया जाएगा।