आईएचएम शिमला में विश्व पर्यटन दिवस पर हिमाचल कुलिनरी एंड टूरिज्म फेस्टिवल
451 प्रकार के सिड्डू तैयार करने के लिए शेफ नंदलाल व टीम सम्मानित
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप बतौर मुख्यातिथि हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। विश्व पर्यटन दिवस पर आईएचएम शिमला (कुफरी) में हिम आंचल शेफ एसोसिएशन की ओर से हिमाचल कुलिनरी एंड टूरिज्म फेस्टिवल का आयोजन करवाया गया। इस अवसर पर उपायुक्त अनुपम कश्यप बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उन्होंने हिमाचल के पारंपरिक एवं स्थानीय व्यंजनों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रतिभागियों से संवाद किया।
फेस्टिवल के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई गईं। होम शेफ श्रेणी में चमन लाल शर्मा ने गोल्ड, अंजना ने सिल्वर और रिया व रेणु ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। होम बेकर श्रेणी में अंजना ने गोल्ड, आरती अग्रवाल ने सिल्वर और यशस्वी व सान्या शर्मा ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। स्टूडेंट शेफ में कक्षा 9वीं व 10 में कार्तिक कौशल ने जीत हासिल की। वहीं स्टूडेंट शेफ कक्षा 11वीं व 12वीं में रिया ने गोल्ड मेडल पाया। सिल्वर कल्पना और ब्रॉन्ज मेडल प्रियांचल चौहान ने जीता। हॉस्पिटैलिटी श्रेणी में गोल्ड मेडल जोगिंद्र ने जीता। सिल्वर स्टेजिन व ब्रॉन्ज मेडल रिया ने जीता। 451 विभिन्न प्रकार के सिड्डू तैयार करने के लिए लिम्का अवॉर्ड से सम्मानित शेफ नंदलाल एवं उनकी टीम को भी सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए। इस अवसर पर अध्यक्ष फेडरेशन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन हिमाचल देवेंद्र वर्मा, प्रधानाचार्य आईएचएम शिमला डॉ. मुकुल डिमरी, शालिनी शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे। ज्यूरी सदस्यों में विवेक, शेफ अमित डोगरा, शेफ विजय वशिष्ठ, शेफ राज कुमार, शेफ हिमांशु वाधवा, शेफ प्रदीप चौहान सहित डॉ. प्रदीप शर्मा शामिल रहे।
इनसेट
पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र
फेस्टिवल के दौरान प्रदेश भर के पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें कॉलेज एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों तथा महिलाओं ने भाग लिया। इसमें कांगड़ी धाम, गुच्छी की सब्जी, पतरोड़े, सिड्डू, लाल चावल, सेपू बड़ी, बिच्छू बूटी की चाय, कोदरे की रोटी, रागी के लड्डू और चंबयाली राजमा के व्यंजन पेश किए गए।