कालका-शिमला हाईवे पर कुमारहट्टी के समीप फोरलेन निर्माण कार्य के चलते वीकेड के दिन शनिवार को पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को ट्रैफिक जाम से परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर बाद तक खील का मोड़ से लेकर धर्मपुर तक पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोपहर बाद मार्ग को बहाल किया। जानकारी के अनुसार कुमारहट्टी के समीप सड़क पर पुलियां बनाने के लिए फोरलेन कंपनी की ओर से एक तरफ के मार्ग को बंद कर दिया था, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही वनवे की जा रही थी।
वहीं वीकेड होने के कारण एनएच पर वाहनों की आवाजाही भी बढ़ जाती है, जिसके कारण सुबह से ही जाम की समस्या शुरू हो गई। इससे विद्यार्थियों सहित नौकरी पेशा लोगों को भी अपने कार्य स्थलों पर पहुंचने में देरी हुई।
जाम में फंसी रही निजी बसें
जाम के कारण नालागढ़, परवाणू, चंडीगढ़ से सोलन शिमला जाने वाली बसें भी जाम में फंसी रही। कसौली व धर्मपुर से सोलन जाने वाली निजी बसों को धर्मपुर में ही रोक दिया। वहीं पहाड़ों से पत्थर गिरने का सिलसिला भी जारी रहा।